रविवार, 21 सितंबर 2014

नए मुद्दों और मुहावरों के चुनाव


लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती इसका परिवर्तन की प्रक्रिया के साथ कदमताल करते हुए आगे बढऩा है। लोकतांत्रिक शासनप्रणाली बदलावों के प्रति सजग और संवेदनशील होती है।  परिवर्तन को पहचानने और अभिव्यक्त करने में सक्षम होने के कारण यह एक सेफ्टी वाल्व की तरह भी काम करती है, जिसके जरिए लोगों का गुस्सा और गुबार समय-समय पर बाहर निकलता रहता है। इसीलिए लोकतंत्र में हिंसा का स्पेस कम होता है और सत्ता का हस्तांतरण भी शांतिपूर्ण ढंग से संभव हो पाता है। यह प्रणाली समय-समय पर समकालिक बदलावों के अनुरूप मुद्दों और मुहावरों को भी गढ़ती है।
हाल ही में,हिमाचल प्रदेश और गुजरात में हुए चुनाव सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तक सीमित नहीं हैं। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में, इन चुनावों  का महत्व कुछ नए लक्षणों के कारण भी है। इस चुनाव ने राजनीतिक गलियारे को कुछ नए मुद्दे और मुहावरे दिए हैं। यह मुद्दे और मुहावरे इस बात की तरफ संकेत करते हैं कि भारतीय राजनीति नए चरण में प्रवेश कर चुकी हैं।
इस चुनाव को सबसे रोचक मुहावरा दिया गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने। उनसे जब कुछ पत्रकारों ने पूछा कि आप पिछले 11 सालों से सत्ता में हैं,क्या आपको सत्ता विरोधी लहर अथवा एंटी-इंकम्बेंसी से डर नहीं लगता। मोदी ने इसका बड़ा रोचक उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि एंटी-इंकम्बेंसी अब गुजरे जमाने की बात हो चुकी है। राजनीतिक पंडितों के विश्लेषण का यह हथियार गुजरात में काम नहीं करेगा। गुजरात में इस बार सत्ता के पक्ष में लहर अर्थात प्रो-इंकम्बेंसी है। मोदी के द्वारा दिया गया यह नया मुहावरा जल्द ही राजनीतिक विश£ेषकों की शब्दावली में शामिल हो गया। चुनाव  परिणाम आने के बाद बहुत राजनीतिक पंडित इस बात कि चर्चा करते सुने गए कि कैसे दिल्ली,ओडीशा और असम में प्रो-इंकम्बेंसी काम कर रही है।
मोदी का 3 डी प्रचार अभियान भी इस चुनाव के जरिए भारतीय राजनीति को दी गई एक नई देन है। इस तकनीक को अस्तित्व में आए ता लम्बा अरसा हो गया है लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में पहली बार इसका उपयोग गुजरात चुनावों के समय हुआ।   
हिमाचली परिप्रेक्ष्य में देखें तो यहां पहली बार चुनाव अभियान में  रिपीट जैसे पारंपरिक शब्द के साथ डिलीट जैसे सायबर शब्द का भी इस्तेमाल हुआ । चुनाव की पूरी अवधि के दौरान आम आदमी की चर्चा भी मिशन रिपीट और मिशन डिलीट के चहुंओर चक्कर काटती रही। चुनावों के परिणाम आने के बाद अधिकांश समाचार पत्रों की लीड स्टोरी की हेडिंग में रिपीट और डिलीट शब्द ही छाए रहे।
इन चुनावों का महत्व मुहावरों से अधिक मुद्दों के लिहाज से है। हिमाचल प्रदेश और गुजरात दोनों में पहली बार चुनाव विशुद्ध रूप से विकास के नाम पर लड़े गए। गुजरात के चुनाव में तो आंकड़ेबाजी अपने चरमसीमा पर पहुंच गई थी। टेलिविजन पर होने वाली चुनावी चर्चाओं को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे हम अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनावों की चर्चा सुन रहे हैं। कोई यह बताने में जुटा था कि गुजरात में औद्योगिक और कृषि विकास दर क्या है तो कोई गुजरात मे एनीमिक महिलाओं और कुपोषित बच्चों का आंकड़ा प्रस्तुत कर रहा था। देखने में तो यह साधारण बात लगती है लेकिन यदि हम तमिलनाडु,उत्तर प्रदेश अथवा बिहार के चुनावी मुद्दों पर नजर डालें तो इसका महत्व स्पष्ट हो जाता है। तमिलनाडु में चर्चा इस बात को लेकर थी कि कौन सी पार्टी कितने मुफ्त उपहार दे रही है। उत्तर प्रदेश  और बिहार के चुनाव में तो हर चर्चा जाति से शुरू होती है और उसी में समाहित हो जाती है। इसी कारण,तमाम क्षमताओं के बावजूद ये राज्य विकास के पैमाने पर यह राज्य अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। गुजरात के चुनाव में पटेल फैक्टर की बात जरूर की जा रही थी,कई लोग इससे भी आगे जाकर कड़वा पटेल और लेउआ पटेल की भी चर्चा कर रहे थे,लेकिन मूल मुद्दा तो गुजरात का विकास ही था। इसीलिए,इस बार कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने मोदी को विकास के मोर्चे पर घेरने की कोशिश की। गुजराती विकास को छलावा बताया। इससे पहले गुजरात चुनाव सांप्रदायिक मुद्दे के आस-पास ही घूमता था। 2007 के चुनावों में सोनिया ने विकास के छलावा होने की बात नहीं कही थी,बल्कि मौता का सौदागर होने की टिप्पणी की थी। इससे साबित होता है कि गुजरात चुनाव मोदी द्वारा गढ़े गए विकास -प्रतिमान के चहुंओर ही लड़े गए।  

हिमाचल में भी विकास ही प्रमुख मुद्दा रहा। चुनाव हारने के बाद प्रेम कुमार धूमल ने जो पहली प्रतिक्रिया दी वह प्रमुख मुद्दे की तरफ इशारा करती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोई भी ऐसा घर नहीं है,जो पिछले पांच सालों में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से किसी न किसी रूप में लाभान्वित नहीं हुआ हो। फिर भी हमारी पार्टी को अपेक्षित मत नहीं मिले ,तो यह मंथन का विषय है। जाहिर है उनको  विकास के कामों के जरिए सत्ता में पुनर्वापसी का भरोसा था।
चुनाव जीतने के बाद मोदी ने कहा कि यह गुजरात के विकास मॉडल की जीत है तो वित्तमंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि हिमाचल और गुजरात में लोगों ने भाजपा के विकास मॉडल को नकार दिया है। यह दोनों टिप्पणियां विकास मॉडल पर केंद्रित थी और इस बात की तरफ संकेत कर रही थीं कि भारतीय राजनीति एक नई और ऊंची कक्षा में प्रवेश कर रही है।  

रविवार, 7 सितंबर 2014

वीगन होने का फैशन


पश्चिमी देशों को फैशन का ट्रेंड सेटर माना जाता है और वहां का लेटेस्ट फैशन ट्रेंड वीगन होना है। वीगन को साधारण भाषा में हम शाकाहारी कह सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण वहां के लोगों में मांसाहार,फास्ट फूड और जंक फूड के प्रति रुझान कम हुआ है और  शाकाहारी होना एक फैशन
बन गया है।
प्राय: हम मानते हैं कि फैशन परिधान की दुनिया से जुड़ा हुआ शब्द है।  कोक-पेप्सी और पिज्जा-बर्गर को छोड़ दें तो खान-पान की आदतें  फैशन का रूप धारण नहीं करती। फैशन का एक अन्य मतलब तड़क -भड़क और उत्तेजना से होता है। बहुत कम मौकों पर सादगी को फैशन के रूप में स्वीकार किया जाता है। वीगन होने का फैशन खान-पान से जुड़े होने के साथ सादगी से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए इसका फैशन ट्रेंड बनना वास्तव में एक खास चलन के अस्तित्व में आने का संकेत है।
  पश्चिमी देशों में कुछ साल पहले तक माहौल कुछ ऐसा था कि अगर आप कहें कि आप मांस नहीं खाते, तो आपको हैरत भरी नजरों से देखा जाता, पर अब यहां शाकाहारी ही नहीं, वीगन लोगों की भी तादाद बढ़ती जा रही है। वीगन यानी वे लोग जो जानवरों से लिया कुछ भी नहीं खाते. सिर्फ मीट या अंडा ही नहीं, वे दूध और दही से भी दूर रहते हैं. कुछ साल पहले तक पशु उत्पादों को पूरी तरह नकारने वाले लोगों को यूरोप में सिरफिरा समझा जाता था, पर अब यह चलन में है।
वीगन लोकप्रियता की एक वजह यह है कि वह मेनस्ट्रीम होता जा रहा है। इसमें माइक टायसन और ग्विनेथ पैल्ट्रो जैसे सितारों के प्रचार का भी योगदान है। जर्मन शेफ अटिला हिल्डमन जाने माने वीगन हैं। उनकी वीगन कुक बुक की 3 लाख प्रतियां बिक चुकी हैं।
'वीगन फॉर फिटÓ नाम की हिल्डमन की किताब जर्मनी की बेस्ट सैलर सूची
में शामिल है। उन्होंने किताब में
वीगन बन कर वजन कम करने के टिप्स दिए हैं।
प्राकृतिक आहार लेने के मामले में वीगन शाकाहारियों से भी एक कदम आगे हैं।  शाकाहारी दूध और शहद को आहार के रूप में लेने में कोई बुराई नहीं मानते जबकि वीगन दूध और शहद को भी बुरा मानते हैं क्योंकि वीगन किसी भी पशु उत्पाद को नहीं लेने की वकालत करते हैं । वे ना सिर्फ जानवरों को बचना चाहते हैं, बल्कि पर्यावरण की भी रक्षा करना
चाहते हैं। वीगन होना केवल स्वास्थ्य से ही नहीं जुड़ा है, बल्कि यह एक जीवनशैली है। जर्मनी में करीब 6 लाख  वीगन हैं।
सोया से बने कबाब, बिना दूध का चीज और कुत्ते- बिल्लियों के लिए भी शाकाहारी भोजन, बाजार में ये सब उपलब्ध हंै। कभी जर्मनी में शाकाहारी चीजें मिलना मुश्किल था, पर इस बीच वीगन खाना भी आसानी से मिल जाता है। देश भर में कई वीगन दुकानें और रेस्तरां खुल गए हैं।
सिर्फ जर्मनी में ही नहीं, यह चलन दुनिया भर में तेजी से फैल रहा है. खास तौर से ब्रिटेन और अमरीका में वीगन लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके अलावा ब्राजील और बहुत से एशियाई देशों में बौद्ध संप्रदाय के लोगों में भी इसका
चलन है।
 भारत में शाकाहार की एक सुदृढ़ और सुदीर्घ परंपरा है
तो दूसरी तरफ ऐसे बुद्धिजीवियों की जमात है जो शाकाहार को पिछड़ेपन की निशानी मानते हैं और कुपोषण
का कारण भी। ऐसे में भारतीय, शाकाहार के पश्चिमी संस्करण यानी वीगनिज्म को किस रूप में लेते हंै, इसे देखना बहुत ही रोचक होगा क्योंकि यहां पर पश्चिमी ठप्पे को आधुनिकता की निशानी मानने का चलन चल पड़ा है।

शनिवार, 3 मार्च 2012

रंगीली होली और रसहीन मीडिया

वैश्वीकरण की जीवनसंगिनी उपभोक्तावादी मानसिकता भारतीय मनीषा को यह कहकर पिछडा साबित करने की कोशिश करती रहती है कि यह रसहीन है। इसमें त्याग&तपस्या पर बहुत बल दिया जाता है और मनुष्य की स्वाभाविक प्रवृत्तियों की संतुष्टि के लिए स्पेस नहीं है। उपभोक्तावादी मानसिकता के इस आरोप को अंग्रजीदां बुद्धिजीवी और मीडिया बडे उत्साह के साथ स्वीकार करते है। इसी तर्क के आधार पर यह तबका वैलेण्टाईन डे न्यू ईयर पार्टी जैसे आयोजनों को तर्कसंगत ठहराने की कोशिश करता है। इसके साथ ही भारतीय जीवनशैली और जीवनदर्शन को अप्रासंगिक साबित करने की भी कोशिश की जाती है। लोगों को यह भी बताया जाता है कि भारतीय जीवनशैली को अद्यतन तथा प्रासंगिक बनाए रखने के लिए उसमें पश्चिमी मूल्यों एवं त्योहारों का समावेश आवश्यक है। लेकिन क्या भारतीयता सचमुच रसहीन है या बुद्धिजीवियों एवं मीडिया की आंखों पर चढा पश्चिमी चश्मा उनको भारतीय रस परम्परा का दर्शन ही नहीं करने देता। होली का त्योहार इस आरोप का उत्तर देने में सक्षम है। यह त्योहार भारतीय रस परम्परा से हमारा परिचय भी कराता है।

भारतीय मनीषियों ने ईश्वर की अनुभूति रसो वै सः के रुप में की है। चरम अनुभति को रसमय माना है । यही मनीषा ईश्वर को सच्चिदानंद भी कहती है। यानी भारतीय मानस के लिए ईश्वर और आनंद की अनुभूतियां अलग अलग नहीं हैं। होली भारतीय चित द्वारा इसी रस की स्वीकृति और अभिव्यक्ति है। होली आधुनिक बुद्धिजीवियों की उस संकल्पना पर करारा वार करती है जिसके अनुसार परम्परागत भारतीय समाज आनंद की अनुभूति से विमुख है। और इस समाज में आनंद की स्वीकृति और अभिव्यक्ति के लिए कोई स्पेस नहीं है। पश्चिमी नजरिए में रचे -पगे इन बुद्धिजीवियों को होली की रंगीनमिजाजी आकर्षित नहीं करती। जिस समाज में प्राचीनकाल से ही कौमुदी महोत्सव मनाए जाने की परम्परा रही है वह समाज रस और आनंद से विमुख कैसे हो सकता है। आज की विद्वतमण्डली यदि होली और कौमुदी महोत्सव को भूलकर वैलेण्टाइन डे को अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए जरुरी मानती है तो यह उसकी आत्मविस्मृति और आत्महीनता की स्थित को ही दर्शाती है।

हां यह बात जरुर है कि भारत ने आनंद की अपनी अलग परिभाषा गढी और आनंद की अनुभूति के अपने तौर-तरीके भी विकसित किए। यह तरीके सामान्यबोध अथवा कामनसेंस पर आधारित है और सामाजिक चैखटों का भी इसमें ध्यान दिया जाता है। भारतीय लोकपरम्परा इस बात पर बल देती है कि चैकी का काम चैके पर और चैके का काम चैकी पर नहीं करना चाहिए। यह समाज व्यवस्था को बनाए रखने की दृष्टि से आवश्यक है। सामाजिक स्वास्थ्य को बनाए रखते हुए रसास्वादन करना भारत की एक प्रमुख विशेषता है। पश्चिमी देश आज भी आनंद की अनुभूति के संदर्भ में व्यक्ति और समाज के बीच ऐसा संतुलन नहीं स्थापित कर सके हैं। इसीलिए अपनी आंख पर पश्चिमी चश्मा लगाए लोगों को यह बात असम्भव लगती है कि परिवार और समाज के दायरे में रहकर भी आनंद लिया जा सकता है।

बुद्धिजीवियों के इस वर्ग की मानसिकता को समझने के लिए अंग्रेजी मीडिया को केस स्टडी के रुप में लिया जा सकता है। अंग्रेजी मीडिया में अंग्रेजीदां मानिसिकता के लोग ही हावी हैं। इसीलिए अंग्रेजी मीडिया में कभी भी होली के त्योहार को आनंद के त्योहार के रुप में नहीं परोसा जाता। कुछ रंग बिरंग समाचार और चित्र जरुर चिपका दिए जाते हैं। होली का त्योहार अपने में आनंद का दर्शन समाहित किए हुए है। इस दर्शन को भारतीय संदर्भों में पहचानने और व्याख्यायित करने की कोशिश अंग्रेजी मीडिया कभी नहीं करती। बसंत क्या है इस मौसम में आम जनमानस क्यों उल्लसित होता है , उसकी बसंत ऋतु को लेकर क्या अवधारणाएं और परंपराएं हैं इन बातों से अंग्रेजी मीडिया का कुछ भी लेना देना नहीं होता।

पढे लिखे लोग भी होली के उत्साह को भांप नहीं पाते। या भांपकर भी इस लोक उत्साह को पिछडे एवं गंवारु लोगों के मन की अनगढ अभिव्यक्ति मान लेते हैं। वस्तुतः ऐसा नहीं है। होली सुसंस्कृत मन की अनगढ अभिव्यक्त है। भारतीय लोक परम्परा के अद्वितीय अन्वेषक विद्यानिवास मिश्र ने भारतीय लोकमानस का अवधूत भगवान शिव का प्रतिबिम्ब माना है। भगवान शिव का बाहरी रुप अनगढ है। गले में सांप है। पूरे तन भस्म से लिपटा हुआ है। भूत -बैताल उनके सभासद है ।बाहर से वह बहुत भयावह हैं। लेकिन अंतःकरण विषपायी है। भगवान शिव साक्षात योगीश्वर हैं और आशुतोष हैं। जल्दी से प्रसन्न होकर किसी को कोई भी वरदान दे सकते हैं। इसी तरह भारतीय मन बाहर से देखने में तो अनगढ लगता है लेकिन अंदर से वह सभ्य है। होली इसी भारतीय मन का एक त्योहार के रुप में पूर्ण प्रकटीकारण है।

होली उसी भारतीय लोकमानस की अभिव्यक्ति है जो अब भी परम्परा को सींच रहा है और उससे रस भी ले रहा है। होली के मन को समझने के लिए गांव का मन समझना जरुरी है। होली गंवई मन की ही अभिव्यक्ति है। गांव में आज भी किसी एक व्यक्ति के बीमार पडने पर सभी ग्रामीण हाल-चाल पूछने जाते हैं। किसी झोपडी में आग लगने पर पूरे गांव के लोग अपने बर्तन लेकर आग बुझाने का चल देते हैं। यह गंवई मन दमकल विभाग को फोन कर अपने कर्तव्य की इतिश्री नहीं समझ लेता। होली उस सामूहिक मन की अभिव्यक्ति है जो आज भी बसंत के आगमन पर बसंत और विरह के गीत गाता है। होली उन होलियारों के मन की अभिव्यक्ति है जो आज भी गांव के हर घर के सामने जाकर कबीरा कहता है। गांव की भाभियों से होली खेलने के लिए मान-मनौव्वल भी करता है और घंटो धरना प्रदर्शन भी । यह टोली तभी आगे बढती है जब घर की नई -नवेली बहू के साथ होली खेलने का मौका मिल जाए।

इन होलिहारों के होली खेलने के तरीके को आप अनगढ कह सकते हैं। ये केवल आपको रंग लगाएंगे नहीं। रंगों से आपको सराबोर कर देंगे । कभी -कभी तो दस बीस होलिहारे आपको पटक कर रंग लगाएंगे। इतना सब कुछ होने के बाद आपको गोद में उठाकर हवा में भी लहराएंगे और भावातिरेक में गले भी मिलेंगे। इसके बाद दिन के दूसरे पहर यही होलिहारे आपको प्रसिद्ध लोक कवि शारदा प्रसार सिंह की पंक्तियां नियरान बसंत कंत न पठए पतिया गाते हुए मिल जाएंगे।

इस गंवई सभ्य मन के आनंद को आज का तथाकथित सभ्य समाज कैसे समझ सकता है जो शाम को किसी से काम निकालने के लिए सुबह नमस्ते करता है। इस समाज में जैरमी भी बिना कारण नहीं होती। वैसे गंवई मन के इस होली भाव को आप क्या कहेंगे। सभ्य या असभ्य। अंगेजी मीडिया तो इसे असभ्य घोषित कर चुका है। यह सभी भावनाओं और आयोजनों को वस्तुकरण को ही सभ्यता रंगीनमिजाजी का पर्याप मानती है। शायद इसीलिए उसकी नजर में सभ्यता और रसास्वादन की निशानी मात्र वैलेण्टाईन डे के दिन उपहारों के आदान-प्रदान और ईसाई नववर्ष के दिन शराब पीकर हुडदंग मचाने में ही है।

प्राथमिकताओं से गायब एक ‘प्लेटफॉर्म’

किसी व्यक्ति,व्यवस्था, समाज अथवा संस्था की प्राथमिकताएं उसकी भविष्यदृष्टि की बेहतरीन संकेतक होती हैं। प्राथमिकताएं व्यक्ति अथवा व्यवस्था की विशेषताओं की तरफ संकेत करती हैं ,खूबियों और खामियों के बारे में बताती है। इसलिए व्यक्ति अथवा व्यवस्था का विश्लेषण करते समय उनकी प्राथमिकताओं पर नजर डालना आवश्यक हो जाता है। मीडिया भी मौजूदा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली एक महत्वपूर्ण संस्था है । इसलिए मीडिया की प्राथमिकताओं पर दृष्टिपात किए बिना,इसकी दशा -दिशा का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।

वर्ष 2011 में मीडिया की भूमिका का विश्लेषण करते समय हमारी दृष्टि अन्ना आंदोलन तक सिमट कर रह जाती है। इस आंदोलन में मीडिया ने व्यवस्था विरोधी भूमिका निभाकर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को प्रकट किया । इस भूमिका के कारण ही मीडिया के प्रति समाज में पनप रहा ‘ विश्वनीयता का संकट’ भी एक हद तक दूर हुआ। इसमें कोई दो राय नहीं कि अन्ना आंदोलन ने भारत की नई पीढी का राजनीतिक दृष्टि से प्रशिक्षित किया है।आम लोगों को ‘ लोक सम्प्रभुता’ का अहसास दिलाया है।लेकिन इस आंदोलन के कोलाहल में मीडिया से ऐसा बहुत कुछ अनसुना और अनकहा रह गया जो इस नीले ग्रह पर जीवन को बनाए रखने पर बनाए रखने के लिए अतिशय महत्वपूर्ण है। डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ एक ऐसा ही घटनाक्रम है,जो मानवीय अस्तित्व और भारतीय भविष्य को निर्णायक रुप से प्रभावित करेगा। हैरत की बात यह है कि इस घटनाक्रम की अनुगूंज मीडियाई गलियारे में नहीं सुनाई पडी। मीडिया की प्राथमिकता से डरंबन ‘प्लेटफॉर्म’ एकसिरे से गायब रहा।

डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ जलवायु परिवर्तन की समस्या से सम्बंधित है। इस प्लेटॅफार्म ने पहली बार इस समस्या को वैश्विक स्वीकार्यता प्रदान की है और इस समस्या से लडने के लिए वैश्विक सहभागिता का एक मंच भी उपलब्ध कराया है। दरअसल, पिछले दो दशकों से जलवायु परिवर्तन की पर्यावरणीय समस्या मानव अस्तित्व के समक्ष सबसे बडे संकट के रुप में उभरी हैं। इस समस्या के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर एक बाध्यकारी प्रारुप तैयार करने के लिए प्रयास किए जा रहे थे । 1997 की क्योटो संधि इस समस्या की समाधान की दिशा में बढाया गया पहला कदम था । यह संधि 16 फरवरी 2005 को प्रभावी हुई। इसमें यह प्रावधान किया गया था कि प्रमुख कार्बन डाई आक्साईड उत्सर्जक देश 2008 से 2012 के बीच इस गैस का उत्सर्जन घटाकर 1990 के उत्सर्जन स्तर से 5 फीसदी नीचे लाएंगे। अमेरिका और आस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख उत्सर्जक देशों ने इस संधि को अपनी अर्थव्यवस्था के लिए घातक बताकर इसको स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

इन विकसित देशों का तर्क था कि भारत और चीन जैसी उभरती व्यवस्थाओं पर भी क्योटो संधि के प्रावधान समान रुप से लागू किए जाने चाहिए। यह देश प्रति व्यक्ति उत्सर्जन की बजाय किसी देश द्वारा किए जा रहे सम्पूर्ण उत्सर्जन के आधार पर मसौदे के प्रावधान लागू करने की वकालत कर रहे थे । दूसरी तरफ भारत,चीन और ब्राजील जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाएं विकासशील देशों पर विकसित देशों की तरह पर्यावरणीय प्रतिबंध नहीं लगाए जाने के पक्ष में नहीं थी। इन देशों का तर्क था विशाल जनसंख्या के कारण विकासशील देशों का सम्पूर्ण उत्सर्जन अधिक हो सकता है , लेकिन प्रतिव्यक्ति उत्सर्जन कम है।

इसलिए किसी भी मसौदे के बाध्यकारी प्रावधान सम्पूर्ण उत्सर्जन की बजाय प्रति व्यक्ति उत्सर्जन पर आधारित होने चाहिए।उदाहरण के लिए चीन पिछले पांच सालों में अमेरिका को पिछाडते हुए दुनिया का सबसे बडा उत्सर्जक देश बन गया है , परन्तु वहां पर अब भी प्रतिव्यक्ति कार्बन उत्सर्जन बहुत कम है। चीन विश्व के कुल कार्बन उत्सर्जन का 24 फीसदी हिस्सा उत्सर्जित करता है लेकिन उसका प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन मात्र 6 टन है। दूसरी तरफ अमेरिका विश्व का 18 फीसदी कार्बन उत्सर्जित करता है लेकिन वहां प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन 18 टन है। भारत दोनों पैमानों पर अब भी बहुत पीछे है। भारत विश्व का लगभग 6 फीसदी कार्बन उत्सर्जित करता है और यहां पर प्रतिव्यक्ति कार्बन उत्सर्जन लगभग 1.40 टन है।

विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच इसी खींचतान के कारण जलवायु परिवर्तन की समस्या से लडने के लिए कोई वैश्विक बाध्यकारी मसौदा नहीं निर्मित हो पा रहा था। आईपीसीसी की जलवायु परिवर्तन सम्बंधी चैथी रिपोर्ट आने के बाद पूरी दुनिया में जलवायु परिवर्तन की समस्या को लेकर नई बहस छिडी। इस रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन की भयावह तस्वीर पेश की गयी थी। और यह भी कहा गया था कि यदि कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए जल्दी कुछ नहीं किया तो जल्द ही जलवायु परिवर्तन अनुत्क्रमणीय दशा में पहुँच जाएगा। ऐसी स्थिति में संभावित खतरों को रोक पाना असंभव हो जाएगा। एक सर्वस्वीकृत बाध्यकारी मसौदे के निर्माण के लिए समय का दबाव इसलिए भी बढता जा रहा था क्योंकि क्योटो संधि की समयावधि 2012 में खत्म होने वाली थी।

क्योटो संधि का स्थान लेने वाले नवीन सर्वस्वीकृत वैश्विक मसौदे के निर्माण के लिए पिछले 4 वर्षो से संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन आयोजित किए जा रहे थे। दिसम्बर महीने में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन अबतक 2007 में बाली में , 2008 में पोजनान में , 2009 में कोपनहेगन में और 2010 में कानकुन में आयोजित किए जा चुके थे। पर्यावरणविदों और पर्यावरणमंत्रियों के इस वैश्विक जमघट में कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी। 11 दिसम्बर 2011 में डरबन में आयोजित सम्मेलन में अंततः सफलता हाथ लगी। विश्व के सभी देशों के बीच एक नवीन वैश्विक बाध्यकारी समझौते पर सहमति बन गयी , जिसे डरबन प्लेटफार्म का नाम दिया गया। इस समझौते की सभी शर्तों को अभी मूर्त रुप नहीं दिया जा सका है। समझौता शर्ते 2015 से 2020 के बीच निर्धारित की जाएंगी और यह समझौता 2020 से बाध्यकारी कानून के रुप में अस्तित्व में आ जाएगा।

डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ की सर्वाधिक खास बात यह है इसके प्रावधान विकसित और विकाशसील देशों पर समान रुप से प्रभावी होगें। यह इस समझौते का सबसे रहस्यात्मक बिंदु भी है। भारत , चीन जैसे विकाशसील देशों और अमेरिका , कनाडा जैसे विकसित देशों के बीच यह सहमति किस आधार पर बनी है , यह अब भी रहस्य का विषय बना हुआ है।भारत की पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन विकसित देशों का विरोध करते करते सम्मेलन के अंतिम दिन यकायक समझौते के लिए किन शर्तों पर राजी हो गयीं , इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं है। मीडिया तो इस पर पूरी तरह से मौन है। भारत को इस समझौते से क्या मिलने वाला है और भारत का क्या दांव पर लगाया गया है।इसके बारे में सरकारी तंत्र कुछ नहीं बता रहा है। चैथा खंभा मूर्ती की मुद्रा में आ गया है। इसमें कोई दो राय नहीं कि डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ भी डंकल प्रस्ताव की तरह भारत के भविष्य को निर्णायक रुप से प्रभावित करेगा। उस समय भी रहस्यात्मक स्थितियों में समझौता किया गया था और आज भी । डंकल प्रस्ताव की कीमत अभी तक 2.5 लाख किसान अपनी जान देकर चुका रहे हैं। डरबन प्लेटफार्म की कीमत का अंदाजा लगाने के तथ्यों का नितांत अभाव है।

मनोरंजन के मुद्दे पर मीडिया गलाफाड के चिल्ला रहा है और अस्तित्व के मुद्दे पर रहस्यमयी चुप्पी साध रखी है। मीडिया की प्राथमिकताओं में व्याप्त इस विकृति को देखकर हिन्दीभाषी क्षेत्रों में विकृत प्राथमिकताओं को लेकर कही जाने वाली एक बहुत ही सुंदर लोककथा की याद आ जाती है।कथा के अनुसार भुखमरी का शिकार एक व्यक्ति एक दुकानदार से गिडगिडाकर अनाज उधार देने की विनती करता है। वह व्यक्ति कहता है कि उसकी जेब में फूटी कौडी नहीं हैं और उसके बच्चे भी कई दिनों से भूखे हैं । अनाज नहीं दिया तो मेरा पूरा परिवार खाए बिना मर जाएगा। उसकी फटेहाल स्थिति देखकर दुकानदार का दिल पसीज गया और उसने महीने भर का ‘राशन-पानी’ उस व्यक्ति को देते हुए चेतावनी दी कि उधारी के तीन रुपयों का चुकता अगली पूर्णिमा तक हो जाना चाहिए। उस व्यक्ति ने आभार जताते हुए अगली पूर्णिमा तक पाई-पाई चुकता कर देने का आश्वासन दिया । वह बेबस व्यक्ति अनाज लेकर चलने लगा तो दुकानदार को याद आया कि गांव में बंगाली जादूगर आया है। वह हैरतअंगेज कारनामे दिखाकर लोगों का मनोरंजन करता है । जादूगरी के कार्यक्रम को देखने के इच्छुक लोगों के लिए उसने आठ आने का प्रवेश शुल्क लगा रखा था। दुकानदार के दिल में पता नहीं कहां से दया के अंकुर फूट आए । उसने आठ आने का सिक्का उस व्यक्ति की तरफ बढाते हुए कहा कि जादूगरी का खेल जरुर देख लेना । ऐसा सिद्धहस्त जादूगर गांव में बार-बार नहीं आता । उस बेबस ने आठ आने का सिक्का अपने हाथों में थाम लिया। जादूगरी की बात सुनते ही वह अपना दुःख दर्द भूल गया ।उसकी आंखों में एकदम से चमक आ गयी। उसने उत्साहपूर्वक अपनी योजना का खुलासा करते हुए कहा कि इस महाअवसर के प्रति मैं भी पूरी तरह जागरुक हूं । मुझको बहुत पहले ही पता चल गया था कि यह जादूगर हमारे गांव में आने वाला है। इसीलिए मैंने अपनी मजदूरी के तीन रुपए अपने आठ सदस्यीय परिवार को ‘तमाशा’ दिखाने के लिए बचाकर रख लिए थे। मेरा पूरा परिवार पिछले चार दिनों से भूखा है लेकिन मैंने उन तीन रुपयों में से एक पाई भी नहीं खर्च किया और आज जब मुझसे परिवार की हालत नहीं देखी गयी तो मैं आपसे उधार मांगने आ गया । आखिर ऐसी जादूगरी देखने का मौका बार बार थोडे ही आता है, खाना-पीना तो जिंदगी भर लगा रहता है।

आज का मीडिया भी कुछ इसी तरह अपनी विश्वसनीयता की कीमत पर मनोरंजक कार्यक्रम परोस रहा है। छिछले मुद्दे उठा रहा है। भाई, विद्या बालन किस फिल्म में ‘सेक्सी’ भूमिका छोडकर ’चंडिका’ की भूमिका में नजर आएंगी , इस पर विचार प्रतिदिन विचार करने से कितने लोगों की रोटी-दाल प्रभावित होने वाली है। हैरत तब होती है जब इस समाचार को भी अंतर्राष्ट्रीय पृष्ठ पर तीन कॉलम का ‘ स्पेस’ मिल जाता है। जबकि दोहा दौर की वार्ता और किसान सब्सिडी का मुद्दा अंतर्राष्ट्रीय पृष्ठ की खबर नहीं बना पाता ।

मीडिया को अपनी प्राथमिकता सूची की पुनर्संरचना के लिए पहल करनी चाहिए। अन्यथा अस्तित्वगत मुद्दों के प्रति यह लापरवाही मीडिया से उसका स्वतंत्र अस्तित्व छीन लेगी। वह बाजार का खिलौना और राजनीति का एक मोहरा मात्र बनकर रह जाएगी।

मंगलवार, 4 जनवरी 2011

साल के पड़ाव पर, भई संतन की भीड़

1 जनवरी 2011 की दोपहर को भुवनेश्वर से एक परम मित्र का फोन आया। यह फोन रोमन नववर्ष की बधाई देने के लिए नहीं था। उन्होंने एक सूचना दी कि आज पूरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शनार्थियों की संख्या रथयात्रा के समय होने वाली संतों की भीड़ से कम नहीं है। उन्होंने प्रत्येक सही-गलत बात के लिए भारतीय समाज को कोसने वाले बुद्धिजीवियों के प्रति शिकायती लहजे का प्रयोग करते हुए कहा कि हर नई घटना का सटीक विश्लेषण का दम भरने वाले ये लोग स्वत:स्फूर्त ढंग से घट रही इस तरह की घटनाओं पर ध्यान क्यों नहीं देते, विश्लेषण क्यों नहीं करते? उनका कहना था कि समाज द्वारा विजातीय तत्वों के भारतीयकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विद्वतजनों को ध्यान देना चाहिए।
31 दिसम्बर 2006 की रात को मेरे छात्रावास के ‘रुम-पार्टनर’ ने मुझे ताकीद की कल भोर में ही उठना है। हम दोनों काशीविद्यापीठ के लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास में रहते थे। मेरे लिए यह ताकीद आश्चर्य से कम नहीं थी क्योंकि उनकी नींद साधारणतया 9 बजे ही भंग होती थी। आपातकालीन परिस्थितियों में भी वे इस सिद्धांत को भंग करने से परहेज करते थे। मैंने पूछा भोर में क्यों ? उत्तर था कल नया वर्ष है बाबा विश्वनाथ, संकटमोचन महावीर और मां अन्नपूर्णा के दर्शन करने हैं। मुझे उस समय रोमन नववर्ष का आस्था के साथ जोडने वाला यह प्रयास अजीवोगरीब ही लगा था। लेकिन अब ऐसा लगता है कि यह वाह्य तत्वों के भारतीयकरण के लिए छटपटा रहे भारतीय सामूहिक अवचेतन की अभिव्यक्ति थी।
इसी तरह 31 दिसम्बर 2010 की रात नोयडा के सेक्टर 62 में मीडिया नैपुण्य और शोध संस्थान ‘प्रेरणा’ के बगल में स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर में जगराता का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूरे भारत से बाला बालकनाथ के श्रध्दालु इस जगराते में शामिल हुए। 31 दिसम्बर को जगराता आयोजित करने का विचार अद्भुत और आश्चर्यजनक ही कहा जाएगा। यह भी विजातीय तत्वों के समाजप्रेरित भारतीयकरण का एक उदाहरण ही कहा जाएगा। ये उदाहरण भारतीय साभ्यतिक सांस्कृतिक सातत्य की तरफ ध्यान आकर्षित करते है। वह कैसे नई परिस्थितियों से तालमेल बैठाती है , इसके तरफ संकेत करते हैं।
असल में, एक आमआदमी की जिंदगी की तरह सभ्यताएं भी जन्म लेती हैं। बचपन की अठखेलियों के साथ आगे बढती हैं। जवानी की अंगडाई के साथ दुनिया पर छाने की बेताबी दिखाती हैं और बुढापे में आतंरिक क्षीणता या विजातीय तत्वों के संक्रमण का शिकार होकर दम तोड देती हैं। सभ्यता के प्राण हरने वाले ये कारण प्रतिरोधक क्षमता तथा सर्जनात्मकता क्षीणता की स्थिति में पैदा होते हैं। विश्व की अधिकांश सभ्यताओं-संस्कृतियों की जीवनयात्रा ऐसी ही होती है, ऐसी ही रही है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अविरल प्रवाह ही इस नियम का एकमात्र अपवाद है।
भारतीय साभ्यतिक -सांस्कृतिक सातत्य विद्वतजनों के लिए विश्लेषण और कौतुहल का विषय है, तो संस्कृतियों के अंतसतत्व की अनुभूति करने वाले लोगों के लिए अनुपम सौदर्य का हेतु। भारतीय चेतना-प्रवाह की नब्ज पकडने में अक्षम व्यक्ति इस साभ्यतिक सांस्कृतिक सातत्य की सैकडों व्याख्याएं करते हैं। उनमें से अधिकांश नकारात्मक होती हैं। कुछ कहते हैं भारतीयता जडता का शिकार है, इसमें प्रवाह जैसी कोई चीज नहीं है। कुछ अन्य का कहना है भारत सभ्यता-संस्कृति के प्रवाह जैसी किसी चीज का अस्तित्व ही नहीं है। बाहरी आक्रांताओं ने जो यहां पर रोप दिया वही यहां की सभ्यता बन गयी, वही यहां की संस्कृति बन गयी।लेकिन चेतना -प्रवाह की अनुभूति करने वाले लोग यह जानते हैं कि यह तर्क नितांत सतही और सीमित हैं। शक, हूण जैसी सैकडों सभ्यताओं को अपने में आत्मसात करने वाली सभ्यता जड नहीं हो सकती। सभ्यता-संस्कृति विहीन समाज में अतीत की ऐसी स्मृतियां नहीं हो सकती जैसी भारतीयों में पायी जाती है।
भारतीय साभ्यतिक-सांस्कृतिक सातत्य का मूल कारण यहां के समाज की विजातीय तत्वों को आत्मसात करने की क्षमता और नई परिस्थितियों से पैदा हुई समस्याओं के हल के लिए पहल और प्रयोग करने की प्रवृत्ति रही है। भारतीय समाज की प्रबल जठराग्नि विजातीय तत्वों को पचा कर उनसे भी अपनी जीवनरस खींच लेती है। भारतीयता के सप्तधातुओं को पोषित करती है।इस बिंदु पर भारतीय समाज के इस प्रबल जठराग्नि के कारणों पर ध्यान जाना स्वाभाविक है। भारत की दार्शनकि आध्यात्मिक थाती ही इस प्रबलता का कारण है। भारत के चेतना -प्रवाह को प्रभावित करनी वाली इस थाती में वैविध्यता को परममूल्य माना गया है, सौंदर्य का प्रतीक माना गया है।इसलिए भारतीयता के लिए कोई भी विजातीय तत्व ‘एलर्जन’ नहीं बन पाता और न ही यह एलर्जी का शिकार होती है। भारतीय चेतना के सम्पर्क में आने वाले सभी तत्वों से जीवनरस लेती है और बाकी को उत्सर्जन तंत्र से बाहर निकाल देती है। इसके अलावा सशक्त आत्मसातीकरण क्षमता का दूसरा कारण भारत की सामाजिक स्वायत्ता है। नई परिस्थितियां पैदा होने पर, विभिन्न प्रवृत्तियों के सम्पर्क में आने पर आगे की रणनीति भारतीय समाज खुद बनाता है। वह राजाज्ञाओं का मोहताज नहीं है। वह नई परिस्थितियों और प्रवृत्तियों के साथ सामंजस्य बैठाने के लिए खुद पहल करता है, नए प्रयोग करता है, नए रास्ते तलाशता है। कुछ अनुकूल बनता है, कुछ अनुकूल बनाता है।
भारतीय सामूहिक अवचेतन के इस प्रबल जठराग्नि अब भी मंद नहीं पडी है। समय के प्रवाह के साथ घट रही घटनाओं पर दृष्टिपात करने, उदाहरणों के जरिए समझने पर स्पष्ट हो जाता है कि विजातीय प्रवृत्तियों के आत्मसातीकरण की प्रकिया जारी है, विभिन्न विजातीय तत्वों का भारतीयकरण हो रहा है। हां, वैश्वीकरण के कारण इसकी गति कुछ मंद जरुर पडी है।
नए दौर में नई पीढी के कुछ लोगों को अभिवादन के समय एक ही व्यक्ति से दूर से हाथजोडकर नमस्ते करते और उसके बाद नजदीक आने पर हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है। हाथजोडने के बाद हाथमिलाने की यह अभिवादन पद्धति इतने स्वाभाविक ढंग से होती है कि करने वाले को भी इसका पता नहीं चलता। यह भारतीय पहचान के साथ नए प्रवृत्तियों के अपनाने की ललक की अभिव्यक्ति कही जा सकती है।
वर्तमान में चुनौती भारतीय सामाजिक अवचेतन को मुख्यधारा की चेतना के रुप में बनाए रखने की है क्योंकि बाजार -मीडिया प्रेरित एक नई उपभोक्तावादी चेतना इसको विस्थापित करने पर तुली हुई है। यह नई चेतना रोमन वर्ष का स्वागत पंचसितारा होटलों में शराब, शबाब और कबाब के साथ करने में विश्वास करती है।
इस नए परिप्रेक्ष्य में विद्वतजनों की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उनको अपनी सीमाओं के प्रति जागरुक होना पडेगा। यह समझना होगा कि सामाजिक अवचेतन की नदी को व्यक्तिगत बौद्धिकता की अंजुरी में नही रोपा जा सकता। साथ ही विद्वतजनों को सामाजिक अवचेतन द्वारा किए जा रहे इस तरह के प्रयासों को सम्बल देना होगा, व्यवस्था में स्वीकृति प्रदान करनी होगी ताकि उसमें आत्मविश्वास जाग्रत हो सके और वह अन्य क्षेत्रों में भी विजातीय तत्वों के भारतीयकरण के प्रयोग कर सके। आइए !रोमनी साल के इस पडाव संतों की बढती हुई संख्या का स्वागत करें और कुछ ऐसे प्रयास करे की घाटों पर जुट रही दर्शनार्थियों की संख्या पर पंचसितारा होटलों की हुल्लडबाजी हावी न होने पाए। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन शुरु होने वाले भारतीय नववर्ष को आमजन से परिचित कराने का प्रयास एक ऐसा ही प्रयास होगा।

शुक्रवार, 17 दिसंबर 2010

इन दलालों को सूली पर चढाओ

ऐसे प्रश्न मत पूछिए। वह सहेगी क्योंकि वह भ्रष्टाचारियों को चुनती है। जिस दिन उसने चुनना बंद कर दिया, उस दिन किसी गांधी और जेपी को व्यथित होने की जरुरत नहीं पडेगी। हम भ्रष्टाचारियों को सूली पर चढाने की बात क्यों करते हैं, जनता को क्यों नहीं चढाते? असल गुनाहगार तो वही है। ”
भारतीय आमआदमी के बारे में यह विचार आईबीएन-7 के प्रबंध संपादक और इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में एक बहुपरिचित चेहरे आशुतोष के हैं। उन्होंने दैनिक भास्‍कर के 6 दिसम्बर के राष्ट्रीय संस्करण में ‘ इस जनता को सूली पर चढाओ ‘ नामक एक आलेख में यह विचार व्यक्त किए हैं। आशुतोष आम आदमी के बारे में जिस लहजे का प्रयोग कर रहे हैं और जिस दृष्टिकोण की वकालत कर रहे हैं, वह अभारतीय होते हुए भी नया नहीं हैं। आम आदमी के प्रति यह दृष्टिकोण औपनिवेशिक शासनकाल की देन है। भारतीयों को हेय समझने और अपने निर्णय लेने में अक्षम मानने की मानसिकता मूलत : ब्रिटिश शासकों की मानसिकता थी। लार्ड कर्जन की भारतीयों के प्रति 1905 में की गयी अपमानजन टिप्पडी इस मानसिकता पहली बडी अभिव्यक्ति मानी जा सकती है। लार्ड कर्जन ने कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बोलते हुए कहा था कि सत्य आम भारतीय का आदर्श कभी भी नहीं रहा है। विन्सटन चर्चिल ने भी भारतीयों के बारे में ऐसी ही राय व्यक्त की थी। उनका मानना था कि लोकतंत्र के लिए भारतीय उपयुक्त नहीं है। विन्सटन चर्चिल ने कहा कि भारतीय मीठी जुबान और तंगदिल वाले आदमी हैं। वे सभी सत्ता के लिए लडेंगे और इस तकरार में भारत अपना राजनीतिक अस्तित्व नहीं बचा पाएगा।
भारतीयों को हेय और अक्षम मानने की मानसिकता का रिसाव रायसाहबों और रायबहादुरों से होते हुए अब सत्ता की मलाई खाने के लिए लार टपकाने वाले बुद्विजीवियों तक हो गया है। वास्तव में आशुतोष जैसे बुद्धिजीवी कर्जन और चर्चिल के विचारों से अभी तक संक्रमित हैं। आम भारतीय को हेय और अक्षम माननेवाले आशुतोष के इस विचार को एक व्यक्तिगत विचार के बजाय समाज के एक वर्ग के विचार के रुप में देखा जा सकता है, देखा जाना चाहिए। कुछ अपवादों को छोडकर यह भारतीय अभिजन वर्ग का दृष्टिकोण है और नए उदारवादी -बाजारवादी मीडिया का भी।
आशुतोष ने यह विचार हाल मे देश में बडे पैमाने पर सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों और इसमें पत्रकारों की भूमिका के संदर्भ में व्यक्त किए है। वह इस आलेख के जरिए भ्रष्टाचार और लोकतंत्र में फैली सभी कमियों का ठीकरा आम आदमी के सिर पर फोडकर मीडिया और मार्केट को बेदाग साबित करने की कोशिश कर रहे है। लेकिन जनता को कटघरे में खडा करने के चक्कर में उन्होंने भारतीय लोकतंत्र से जुडे कुछ मूलभूत तथ्यों और महत्वपूर्ण पर घटनाओं की अनदेखी कर दी है। आशुतोष भूल जाते है कि लोकतंत्र की लडाई सबसे ज्यादा इसी आम आदमी ने लडी है और अब भी लड रहा है। आपातकाल के दौरान जब अभिजनवादी मीडिया राजसत्ता के सामने दंडवत हो रही थी, कई बुद्धिजीवी आपातकाल को जायज ठहराने वाले रक्तपत्र प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज रहे थे ;आपातकाल के दौरान देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के कई प्रोफेसरों और कानूनविदों ने अपने खून से प्रधानमंत्री को खत लिखकर आपातकाल को जायह ठहराया थाध्द, तब इसी आम आदमी ने लोकतंत्र की सफल लडाई लडी। सत्ता परिवर्तन कर यह साबित किया कि उसमें लोकतंत्र की वास्तविक समझ है। आपातकाल के बाद हुए चुनावों में जनता ने पहली बार भारतीय लोकतंत्र को अपनी बपौती मानने वाले दलों और व्यक्तियों को सबक सिखलाया।
आशुतोष इस तथ्य की अनदेखी कर रहे हैं कि लोकतंत्र के महापर्व कहे जाने वाले आमचुनावों में इस आम आदमी की सहभागिता बुद्धिजीवियों और शिक्षित लोगों से ज्यादा होती है। आज भी चुनावों के दौरान नोयडा,गुडगांव, दिल्ली मुम्बई की पढे-लिखे,संपन्न लोगों के ‘पॉश कालोनियों’ का मतप्रतिशत 20 फीसदी से अधिक नहीं होता। ऐसे दौर में आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टि से सबसे पिछडे माने जाने वाले बीमारु राज्यों में आमआदमी औसतन 60 फीसदी मतदान करता है।
आशुतोष को आमजनता को फांसी पर चढाए जाने का फरमान जारी करते समय पडोसी देशों में लोकतंत्र की स्थिति का आकलन कर लेना चाहिए था। भारत के साथ स्वतंत्र हुए अधिकांश देशों में लोकतंत्र ने या तो दम तोड दिया है या लहूलुहान है लेकिन तमाम विकृतियों की बावजूद भी भारत में लोकतंत्र की जडें गहरी हुई हैं। लोकतंत्र की इस सफलता का श्रेय आम आदमी को ही जाता है। लोकतंत्र की जडों को सींचने में सबसे बडी भूमिका इस ‘ सूली पर चढने वाले ‘ आम भारतीय की है।
इस बयान के जरिए बाजारवाद से नियंत्रित, सत्ता की मलाई खाने को लालायित, अभिजन बुद्धिजीवियों के विचारों और दृष्टिकोणों में निहित अंतर्विरोध,खोखलापन और दिखावटी सामाजिक प्रतिबध्दता भी हमारे सामने आती है। आशुतोष अपने आलेख में गांधी और जेपी का नाम लेकर भ्रष्टाचार का ठीकरा जनता के सिर फोडना चाहते हैं। आशुतोष का गांधी अथवा जेपी के विचारों से कुछ भी लेना देना नहीं है। कांस्टीटयूशन क्लब में प्रसिध्द पत्रकार उदयन शर्मा की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में आशुतोष ने खुले मंच से कहा था कि वर्तमान भारत में गांधी के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए, गांधी अब प्रासंगिक नहीं रह गए है। उनके इस बयान के बाद उस पत्रकार गोष्ठी में हंगामा मच गया। कुछ वरिष्ठ पत्रकारों और बुद्धिजीवियों को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने आशुतोष के आगे बोलने पर आपत्ति जतायी।
वही आशुतोष यहां पर गांधी और जेपी की दुहाई दे रहे हैं। आशुतोष यह भूल जाते है कि गांधी और जेपी के आंदोलन आम आदमी की आराधना से अधिक कुछ भी नहीं थे। गांधी जी भारत में सार्वर्जनिक जीवन में सक्रिय होने से पहले 1914 से लेकर 1918 तक भारत -भ्रमण करते रहे और उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान मैंने आम भारतीय से बहुत सीखा । उन्होंने कहा कि भारतीयता की धडकन आम आदमी में ही महसूस की जा सकती है।जेपी का आमजनता के विवके पर पूर्ण विश्वास था इसीलिए उन्होंने ‘लोकसम्प्रभुता’ के सशक्तीकरण पर सर्वाधिक जोर दिया। आशुतोष इस तथ्य की भी अनदेखी कर रहे हैं कि गांधी और जेपी के दौर की जनता आज के दौर की जनता आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टि से पिछडी थी फिर भी उसने बढचकर आंदोलनों में भाग लिया और देश की दिशा और दशा को बदलने में अहम भूमिका निभायी।
आशुतोष के यह विचार इलेक्टा्रनिक मीडिया की तार्किक अवसरवादिता के तरफ भी संकेत करते हैं । ‘येस बास ‘से लेकर ‘राखी का स्वयंवर ‘या ‘भूत प्रेत के समाचारों को दिखाने के लिए इसी मीडिया के लोग यह तर्क देते हैं कि जनता जो देखती है वही हम दिखाते है। जनता विवकेशील है उसे पता है कि क्या देखना है और क्या नहीं। लेकिन भ्रष्टाचार के मुद्दे पर इसी मीडिया के लोग आमजनता को फांसी पर चढाने का फरमान जारी कर रहे हैं।
आशुतोष के तर्को पर बाजार इस कदर हावी है कि वह पश्चिमी लोकतंत्र की संरचना को गढने वाले सर्वाधिक लाकप्रिय नारे का संदेश भी भूल जाते है। पश्चिम में लोकतंत्र की लडाई ‘ वाक्स पापुली, वाक्स डाय अर्थात जनता की आवाज ईश्वर की आवाज है, के नारे के आधार पर लडी गयी थी। आशुतोष उसी जनता को फांसी पर चढाने की वकालत करते हैं।
आशुतोष भ्रष्टाचार के लिए आमजनता को दोषी ठहरा रहे हैं क्योंकि वह भ्रष्टाचारी जनप्रतिनिधियों को चुनती है। वह भूल जाते हैं कि गंगा के प्रदूषित होने का मतलब गंगोत्री का प्रदूषित होना नहीं है। और गंगा की सफायी के लिए गंगोत्री के अस्तित्व को नष्ट करना जरुरी नहीं है। उसके लिए कानपुर से लेकर कोलकाता तक जो गंदगी गंगा में डाली जाती है, उसको रोकने की जरुरत है। इसी तरह भ्रष्टाचार को रोकने के लिए जनता को फांसी पर चढाने की जरुरत नहीं है। भ्रष्टाचार को सर्वाधिक बढावा सत्ता के गलियारों में सक्रिय दलाली बौद्धिकता देती है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में जनता ने कई बार भ्रष्टाचारियों को सिंहासन से नीचे पटका है। बोफोर्स के बाद राजीव गांधी का सत्ता से बाहर जाना और लालू के बाद नीतीश को मिली शानदार चुनावी सफलता इस बात का संकेत है कि जनता भ्रष्टाचारियों को नहीं चुनती। लेकिन वह जिनको ईमानदार मानकर चुनती है उनको सत्ता के गलियारे में सक्रिय लोग ही भ्रष्ट बना देते हैं। यह दलाली बौद्धिकता ईमानदार को वैसे ही भ्रष्ट बनाते हैं जैसे गंदे नाले गंगोत्री से प्रवाहित शुध्द गंगाजल को प्रदूषित कर देते हैं।
आज भी तमाम अटकलों का धत्ता बताते हुए आमजनता अपना निर्णय जिस तरह से सुना रही है वह राजनीतिक भविष्यवक्ताओं के लिए एक रहस्य से कम नहीं है। हर हेकडी का जवाब जनता बहुत चुपचाप ढंग से दे देती है। भ्रष्टाचार का उत्तर भी उसने कई बार मतपत्रों के जरिए दिया है। लेकिन दलाली बौद्धिकता हर बार जनता के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को सफल नहीं होने देती। वह नए ईमानदार लोगों को अपने फंदों में फंसाकर, प्रलोभन देकर भ्रष्टाचारी बनने का अवसर मुहैया कराती है। लगता है कि इस दलाली बौद्धिकता का शिकार अब मीडिया का एक वर्ग भी हो गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लडाई अब न्यायपालिक, कार्यपालिका और व्यवस्थापिका तक सीमित नहीं रही गयी है, अब इस घुन ने मीडिया को भी खोखला करना शुरु कर दिया है। जनता को लोकतंत्र के अन्य खम्भों के सामान इस स्वयंभू चौथे खम्भे में सक्रिय दलालों के खिलाफ भी कमर कसने का समय आ गया है।
भ्रष्टाचार का समाधान जनता को सूली पर चढाने से नहीं होगा। भ्रष्टाचार से मुक्ति तो तभी मिल सकती है जब जनता को फांसी पर चढाने की वकालत करने वाली दलाली बौद्धिकता और उसके पैरोकारों को सरेराह फांसी पर लटकाया जाय। सच मानिए ! यदि जनता ने ऐसा करना शुरु कर दिया तो देश को घुन की तरह चाटकर खोखला करने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी महाअभियान की सफलता सुनिश्चित हो जाएगी।

धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे’ ------ जयप्रकाश सिंह

गीता का प्रथम श्लोक ‘धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे’ भारतीय मनीषा को उत्कृष्टतम अभिव्यक्ति देने वाले ग्रंथ की शुरुआत मात्र नहीं है बल्कि यह व्यवस्था की एक विशेष स्थिति की तरफ संकेत भी करता है। एक ऐसी स्थिति, जब सत्य और असत्य के बीच आमना-सामना अवश्यम्भावी बन जाता है। इस स्थिति में पूरी व्यवस्था व्यापक बदलाव के मुहाने पर खडी होती है।
असात्विक शक्तियों की चालबाजियों, फरबों और तिकड़मों से आम आदमी कराह रहा होता है। अभिव्यक्ति में असत्य हावी हो जाता है। परम्परागत सामाजिक, राजनैतिक, सांस्कृतिक संरचनाओं में सडांध इस कदर बढ़ चुकी होती है कि अपने हितों के लिए मूल्य एवं आदर्श को ताक पर रखना सहज व्यवहार बन जाता है। राज और समाज को संचालित करने वाली शक्तियां इतनी मदमस्त हो जाती है कि उनके खिलाफ ‘लो इन्टेंसिटी वार’ अप्रासंगिक हो जाता है।
लेकिन इस स्थिति का एक सकारात्मक पक्ष भी होता है। वह यह कि सात्विक शक्तियां असात्विक शक्तियों की चुनौती को ताल ठोंककर स्वीकार करती हैं। इस कारण प्रत्यक्ष संघर्ष अपरिहार्य बन जाता है। दोनों पक्षों को एक-दूसरे के खिलाफ शंखनाद करना पडता है। चूंकि यह संग्राम धर्म की स्थापना के उद्देश्य से लड़ा जाता है इसलिए जिस भूमि पर सेनाएं डटती हैं, वह धर्मभूमि बन जाती है । इस स्थिति की एक विशेषता यह भी है कि अपने तमाम अच्छे आग्रहों के बावजूद संचार और संचारक (मीडिया और पत्रकार) असात्विक शक्तियों के पाले में ही खडे दिखायी देते हैं और उनकी भूमिका मात्र आंखो देखा हाल सुनाने तक सीमित हो जाती है।
भारत जिस कालखण्ड से गुजर रहा है उसमें भी भारतीयता और अभारतीयता के बीच का संघर्ष तेजी से ‘धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे’ की स्थिति की ओर बढ़ रहा है। हालांकि इस युद्ध का क्षेत्र कुरुक्षेत्र तक सीमित न रहकर सम्पूर्ण भारत है। एक लम्बी योजना के तहत उन शक्तियों पर निशाना साधा जा रहा है जो वर्तमान प्रणाली में भारतीयता को स्थापित करने का प्रयास कर रही हैं। भारतीय प्रकृति और तासीर पर आधारित वैकल्पिक व्यवस्था को गढने के लिए प्रयत्नशील हैं।
इस बिन्दु पर भारतीयता और अभारतीयता के बीच के संघर्ष को व्यापक परिप्रेक्ष्य में समझना आवश्यक है। यह संघर्ष दिन, माह, और वर्ष की सीमाओं को बहुत पहले ही लांघ चुका है और पिछले कई सौ वर्षों से सतत जारी है। कई निर्णायक दौर आए। कई बार ऐसा लगा कि भारतीयता सदैव के लिए जमींदोज हो गयी है लेकिन अपनी अदम्य धार्मिक जिजीविषा और प्रबल सांस्कृतिक जठराग्नि की बदौलत ऐसे तमाम झंझावातों को पार करने में वह सफल रही। 17वीं सदी तक भारतीयता पर होने वाले आक्रमणों की प्रकृति बर्बर और स्थूल थी। इस दौर के आक्रांताओं में सांस्कृतिक समझ का अभाव था और वे जबरन भारतीयता को अपने ढांचे में ढालने की कोशिश कर रहे थे।
18वीं सदी में आए आक्रांताओं ने धर्म और संस्कृति में छिपी भारतीयता की मूलशक्ति को पहचाना और उसे नष्ट करने के व्यवस्थागत प्रयास भी शुरु किए। इस दौर में भारतीयता पर दोहरे आक्रमण की परम्परा शुरु हुई। बलपूर्वक भारतीयता को मिटाने के प्रयास यथावत जारी रहे साथ ही भारतीयों में भारतीयता को लेकर पाए जाने वाले गौरवबोध को नष्ट करने का एक नया आयाम आक्रांताओं ने अपनी रणनीति में जोडा। 1990 के बाद मीडिया-मार्केट गठजोड के कारण लोगों में तेजी से रोपी जा रही उपभोक्तावादी जीवनशैली के कारण भारतीयता पर आक्रमण का एक नया तीसरा मोर्चा भी खुल गया।
मीडिया-मार्केट गठजोड का भारतीयता से आमना-सामना अवश्यम्भावी था क्योंकि भारतीयता त्यागपूर्वक उपभोग के जरिए आध्यात्मिक उन्नति के चरम लक्ष्य को प्राप्त करने की बात कहती है जबकि दूसरा पक्ष उपभोग को ही जीवन का चरम लक्ष्य मानता है और अंधाधुध उपभोग पर आधारित जीवन-शैली को बढावा देता है। भारतीयता पर आक्रमण करने वाले इस त्रिकोण के अन्तर्सम्बंध आपस में बहुत अच्छे नहीं कहे जा सकते। कहीं-कहीं तो वे एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करते हुए भी दिखते हैं। लेकिन भारतीयता से इन तीनों को चुनौती मिल रही है। इसलिए इस त्रिकोण ने भारतीयता की समाप्ति को अपने साझा न्यूनतम कार्यक्रम का हिस्सा बना लिया है।
इस अभारतीय त्रिकोण के उभार के कारण संघर्ष की प्रकृति और त्वरा में व्यापक बदलाव दिखने लगे हैं। पहले दोनों पक्षों के बीच अनियोजित अथवा अल्पयोजनाबद्ध ढंग से विभिन्न मोर्चों पर छोटी-मोटी लडाईयां होती रही हैं। अब सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से भारतीयता पर आक्रमण हो रहे हैं और उसके अस्तित्व को समाप्त करने प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीयता की वाहक शक्तियां भी चुनौती को स्वीकार करने का भाव जता रही हैं इसलिए अब महासंग्राम का छिडना तय सा दिख रहा है।
पिछले दो-तीन वर्षों सें हिन्दू आतंकवाद की अवधारणा को रोपने का जो प्रयास किया जा रहा है और उसका जिस तरह से प्रतिवाद हो रहा है, वह भावी महासंग्राम का कारण बन सकता है। हिन्दू आतंकवाद की अवधारणा अभारतीय शक्तियों का एक व्यवस्थित और दूरगामी प्रयास है। पश्चिम में तेजी से फैल रही आध्यात्मिकता तथा उदात्त और समग्र भारतीय जीवनशैली की बढ़ती स्वीकार्यता से भयभीत अनुदार सभ्यताएं इस अवधारणा के जरिए वस्तुतः उपभोक्तावादी जीवनशैली और पूंजीवादी दर्शन के लिये सुरक्षा कवच तैयार करना चाहती हैं।
योग और आयुर्वेद के प्रति सम्पूर्ण दुनिया की नई पीढी का आकर्षण बढ़ रहा है। इसी तरह अनेक संस्थाएं और संत पश्चिम में आध्यात्मिकता की अलख जगा रहे हैं और वहां नई पीढी इस ओर तेजी से आकर्षित हो रही है। इस आकर्षण भाव के चलते भारतीयता विरोधी त्रिकोण के हाथ-पांव फूल गए है। भारतीय दर्शन की यह स्वीकार्यता जहां एक ओर चर्च की वैचारिक जड़ता और अवैज्ञानिकता को रेखांकित करती है वहीं पूंजीवादी दर्शन पर भी कठोर प्रहार करती है।
योग और आयुर्वेद केवल रोगमुक्ति नहीं देते बल्कि जीवन-शैली बदलने के लिये भी प्रेरित करते हैं। इसके साथ शाकाहार आता है, संयम आता है, सादगी आती है, व्यसनमुक्ति आती है। जैसे-जैसे यह सदगुण बढ़ते हैं, मनुष्य का रोग ही नहीं घटता, भोग की प्रवृत्ति भी घटती है। इसका सीधा असर उपभोक्तावाद पर आधारित पूंजीवाद पर होता है। इसलिये पूंजी और उपभोग पर आधारित जीवनशैली के उपासक योग और आयुर्वेद का गला उसके घर में ही घोंट देना चाहते हैं। इसके लिये वे अपनी आर्थिक-राजनैतिक-सामरिक शक्तियों का भरपूर उपयोग करते हैं। भारत के सत्ता प्रतिष्ठानों में जमे उनके प्रतिनिधि उनके इस खेल के मोहरे बनते हैं।
भारतीयता की छवि को संकीर्ण और कट्टर पेश कर यह त्रिकोण उसके प्रति तेजी से पनप रहे आकर्षण भाव को भंग करना चाहता है। हिन्दू आतंकवाद का नया शिगूफा छोडकर इस त्रिकोण ने भारतीयता की ध्वजवाहक शक्तियों को भारत में ही घेरने की रणनीति बनायी है। वे जानते हैं कि जब तक यहां का समाज बिखरा और बंटा रहता है, उन्हें भारत की धरती पर अपना हितसाधन करने में कोई कठिनाई नहीं होती। संगठित भारतीय समाज उनके लिये चुनौती पेश करता है। इसलिये अगर वे भारत के संसाधनों को निचोड़ना चाहते हैं तो उन्हें पहले भारत की संगठनशक्ति पर चोट करनी होगी। यही कारण है कि देश की राष्ट्रवादी शक्तियां उनके निशाने पर हैं। उनके पिठ्ठुओं द्वारा गढ़े गये भगवा आतंकवाद के निराधार जुमले का निहितार्थ यही है। सत्ता और मीडिया से जुड़े कुछ लोगों और समूहों का यह चीत्कार सत्य का संधान नहीं बल्कि सात समुन्दर पार बैठे आकाओं के सामने अपनी वफादारी साबित करने की कोशिश है।
इस पूरे प्रकरण में मीडिया की अतिउत्साही भूमिका भी देखने लायक है। दो वर्ष पहले तक किसी पंथ को आतंकवाद से न जोडने का उपदेश देने वाला मीडिया बिना किसी सबूत और साक्ष्य के हिन्दू आतंकवाद शब्द को बार-बार दोहरा रहा है। मजेदार तथ्य यह है कि हिन्दू आतंकवाद शब्द को मीडिया के जरिए आम-लोगों से परिचित पहले करवाया गया और उसकी पुष्टि के सबूत बाद में जुटाए जा रहे हैं। एक अवधारणा के रुप में हिन्दू आतंकवाद हाल के दिनों में मीडिया ट्रायल का सबसे बडा उदाहरण है।
सबसे पहले मालेगांव प्रकरण में हिन्दू आतंकवाद शब्द का प्रयोग किया गया। इस प्रकरण में सांगठनिक स्तर पर अभिनव भारत तथा व्यक्तिगत स्तर पर साध्वी प्रज्ञा का नाम उछाला गया। मालेगांव विस्फोट प्रकरण में मीडिया को तमाम मनगढंत कहानियां उपलब्ध कराने के अतिरिक्त आजतक जांच एजेंसियां कोई ठोस सबूत नहीं इकट्ठा कर पायी हैं। अभिनव भारत जैसे अनजान संगठन को लपेटने पर भी भारतीयता पर कोई आंच आती न देख अब इस त्रिकोण ने भारत और विश्व के सबसे बडे सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को हिन्दू आतंकवाद से जोडने का कुत्सित प्रयास शुरु कर दिया है। संघ इस त्रिकोण के निशाने पर पहले भी सबसे उपर रहा है। क्योंकि आतंकवाद, धर्मान्तरण और खुली अर्थव्यवस्था की विसंगतियों के प्रति संघ आमजन को जागरुक करता रहा है। इस कारण पूरे भारत में धीरे-धीरे इस त्रिकोण के खिलाफ एक प्रतिरोधात्मक शक्ति खडी होती जा रही थी ।
अब इन शक्तियों ने संघ के एक वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश, जिन्हें मुसलमानों को भी संघ के कार्य से जोडने के लिए विशेष रुप से जाना जाता है, का नाम अजमेर बम विस्फोट में घसीटा है। यह त्रिकोण इन्द्रेश के नाम को अजमेर बम विस्फोट से जोडकर एक साथ कई निशाने साधने की कोशिश कर रहा है। इससे जहां एक तरफ त्रिक़ोण के सर्वाधिक सशक्त प्रतिरोधी की राष्ट्रवादी और लोककल्याणकारी छवि को धूमिल किया जा सकेगा वहीं इस्लामिक आतंकवाद के समकक्ष हिन्दू आतंकवाद शब्द खडा कर हिन्दू-मुस्लिम संवाद के एक संभावित धरातल को नष्ट भी किया जा सकेगा।
संघ ने भी इस चुनौती को स्वीकार करने का मन बन लिया है। संघ ने 10 नवम्बर को पूरे देश में हिन्दुत्व और भारतीयता को बदनाम करने के इस कुत्सित प्रयास के खिलाफ धरना देने का फैसला किया है, आमजनता के बीच जाने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय का महत्व इसलिए भी बढ जाता है कि क्योंकि संघ ने धरने-प्रदर्शन के पूरे अभियान के सूत्र अपने हाथ में रखे हैं। इससे पहले महात्मा गांधी की हत्या के बाद बेवजह संघ का नाम इससे जोड़ कर उस पर प्रतिबंध लगाया गया तब संघ ने सत्याग्रह किया था। साठ वर्ष बाद यह पहला मौका है जब संघ किसी मुद्दे की बागडोर खुद अपने हाथ मे लेकर आमजन के बीच जा रहा है। धरने-प्रदर्शन का यह अभियान मात्र अभारतीय त्रिकोण को उत्तर देने की तैयारी मात्र नहीं है। एक महासंग्राम की स्थितियां पूरी तरह बन गयी हैं। भारत तेजी से ‘धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे’ की स्थिति की तरफ बढ रहा है। लेकिन कोई ऐसा संजय नहीं दिखाई दे रहा है जो असत्य के पाले में रहते हुए भी अंधी सत्ता को बीच-बीच में टोक कर उसे सत्य मार्ग अपनाने के लिए प्रेरित करता रहे और स्थिति की भीषणता की तरफ उसका ध्यान भी आकर्षित करे।