रविवार, 21 सितंबर 2014

मंगलसंवाद का अमृतकलश


सत्यव्रतियों के लिए भारतीय संस्कृति का घोष वाक्य वादे वादे जायते तत्वबोध:है। संवाद से ही सत्य की उपलब्धि होती है। आप अध्यात्म के सूत्रों को पहचान करना चाहते हैं अथवा एक बेहतर व्यवस्था का निर्माण करना चाहते हैं,इसके लिए संवाद से बढ़कर कोई मानवीय और समग्र तरीका नहीं हो सकता। संवाद की अवधारणा के आधार पर ही लोकतांत्रिक मूल्य पनपते हैं और लोकतांत्रिक लोकमानस भी बनता है। किसी भी समस्या से जुड़े सभी पक्षों की पहचान और समाधान के लिए अधिकतम् सुझाव, संवाद की प्रक्रिया के द्वारा ही प्राप्त हो सकते हैं।
 संवाद की अतिशय महत्ता को ध्यान में रखकर ही शायद इसे धार्मिक पवित्रता की परिधि में प्रस्तुत किया जाता है। किसी के मत को खत्म करने के लिए शस्त्र उठाने की परंपरा हमारे यहां कभी भी नहीं रही। संवाद के ही एक अपेक्षाकृत अधिक परिष्कृत  रूप-शास्त्रार्थ के जरिए हमने असत्य धारणाओं का खंडन किया,मिथ्याचारी लोगों को जमींदोज किया। अद्वैत का परचम लहराने के लिए शंकराचार्य ने किसी विरोधी का सिर उसके धड़ से अलग नहीं किया था।  सनातन परंपरा के सामने खड़ी तमाम चुनौतियों को ध्वस्त करने के लिए उन्होंने शास्त्रार्थ का सहारा लिया। शास्त्रार्थ के जरिए ही उन्होंने भारतीय सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन को अमृत की कुछ बंूदे पिलाईं और सभी विजातीय तत्वों से लडऩे के योग्य बनाया।
अब यहां पर एक प्रश्र का उठना बहुत स्वाभाविक है,वह यह कि क्या भारत में संवाद की प्रक्रिया को सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश में स्थापित करने के लिए कुछ प्रयास किए गए अथवा नहीं। दुनिया के अधिकांश हिस्सों में यह देखा गया है कि बौद्धिक जगत और आमजगत के मूल्यों में काफी भिन्नता होती है। यह भिन्नता राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों के अलावा सांस्कृतिक संदर्भों में भी देखने को मिलती है। एक ही समाज के इन दो घटकों में मूल्यों और मान्यताओं का एक स्पष्ट विभाजन सर्वत्र स्वयमेव दिखाई पड़ जाता है।
संवाद की प्रक्रिया के प्रति भारतीय आस्था की पड़ताल के लिए बौद्धिक परिवेश और आम समाज के बीच उपस्थित संवादसेतु की पहचान आवश्यक है। संवाद के विचार के संस्थानीकरण के लिए किए गए प्रयासों को चिंहित करना होगा। संवाद के ऐसे वृहदतर प्लेटफार्म के मूल स्वरूप को पहचानना होगा जहां पर व्यवस्था के सभी घटक एकत्रित होकर संवाद करते रहे हैं।
वैश्वीकरण की प्रक्रिया के बाद व्यवस्थागत घटकों के एकत्रीकरण का प्रश्र और महत्वपूर्ण हो गया है। इस प्रक्रिया के कारण राज और समाज के बीच की खाईं अधिक चौड़ी हो गई है। समाज आज भी परंपराओं की गठरी को लादे सहज और स्वाभाविक दिशा में चलने के प्रति आस्थावान है और सांस्कृतिक दृष्टि से निरक्षर नीति-नियंता उसे स्ट्रक्चरल एडजस्टमेंट प्रोग्राम के तहत आयातित होने वाली नीतियों के खांचे में फिट करना चाहते हैं। दुर्भाग्य यह है कि इन दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित करने के परंपरागत प्लेटफार्म समाप्त हो गए है और ऐसे नए प्लेटफार्म का सृजन नहीं हो पा रहा है जहां राज और समाज एक दूसरे से संवाद स्थापित कर सकें। किसी रामकथा, किसी धार्मिक आयोजन अथवा पारंपरिक आयोजनों में ये दोनों पक्ष सहभागी तो होते हैं लेकिन उनका समागम नहीं हो पाता। दरी और कुर्सी का फर्क साफ देखा जा सकता है। कुर्सी और दरी के भाव अलग होते हैं,भाषाएं अलग होती है और इसी कारण दोनों के बीच संवाद की संभावनाओं का सृजन नहीं हो पाता। इसके कारण व्यवस्था के घटकों के बीच एक कम्युनिकेशन गैप की स्थिति बन गई है।
संवादहीनता की इस स्थिति में कुंभ जैसे आयोजनों के मूलभाव को पुनरूज्जीवित किया जाना बहुत आवश्यक हो जाता है क्योंकि कुंभ व्यवस्थागत घटकों के बीच संवाद का एक वृहद पारंपरिक प्लेटफार्म रहा है। इस बिंदु पर कुंभ के मूलस्वरूप को लेकर प्रश्र उठना स्वाभाविक है। साथ ही इस बिंदु पर विचार किया जाना आवश्यक हो जाता है कि क्या कुभ के मूलस्वरूप को आज भी ज्यों का त्यों अपनाया जा सकता है या नहीं। यदि नहीं तो कुंभ मूलभाव का अक्षत बनाए रखते हुए उसके स्वरूप को समसामयिक कैसे किया जा सकता है?पौराणिक कहानियों के अनुसार कुंभ के आयोजन का समुद्र मंथन की प्रक्रिया से उत्पन्न अमृतकलश से है। समुद्र मंथन के कारण जिन चौदह रत्नों की समुद्र से उत्पत्ति होती है,उसमें अमृतकलश भी शामिल था। अमृतकलश पर आधिपत्य जमाने के लिए जो भागदौड़ और एक दूसरे को छकाने को खेल शुरू हुआ,उसके कारण कुछ बूंदे जमीन पर छलक पड़ी थीं। जहां-जहां पर ये अमृत बूंदे छलकी थीं वहां-वहां पर कुंभ के आयोजनहोने लगे। समुद्र मंथन की प्रक्रिया में अपने परंपरागत मतभेदों को भुलाकर देव और दानवों ने सहभागिता की थी और इनसे उपजे रत्नों में हलाहल विष भी शामिल था। यदि समुद्र मंथन की प्रक्रिया को एक मिथक मानकर,संवाद और व्यवस्था के संदर्भों में हम इसकी व्याख्या करें तो इसके कई पुरातन और सनातन अर्थ निक ल सकते हैं। समुद्र मंथन की प्रक्रिया हमारे सामने दो असुविधाजन तथ्यों को उजागर करती है। पहला यह कि संवाद एकरस नहीं होता। एक ही मान्यताओं को मानने वाले लोगों के बीच संवाद से अधिक समर्थन होता है। संवाद की प्रक्रिया अधिक कष्टसाध्य होती है। यह अपने अहं और मूढ़ता को दरकिनार करते हुए दूसरे को समझने और सहने की प्रक्रिया है। दूसरा यह कि एकरसीय संवाद प्रक्रिया के परिणाम भी बहुत सीमित दायरे में रहते हैं। विरोधाभास व्यक्ति को एक व्यापक फलक पर आरूढ़ करते हैं और विरोधाभासों की उपस्थिति संवाद के जरिए सत्य के वृहत्तर आयामों को साधने की कोशिश की जाती है। इन वृहत्तर आयामों के साधने की प्रक्रिया में कई बार बहुत कुछ अशुभ भी घटित होता है। समुद्र मंथन की प्रक्रिया में देव-दानव दोनों का शामिल होना और अमृत के साथ हलाहल की उत्पत्ति संवाद के इसी मूलचरित्र की तरफ संकेत करती है।
 अमृत और अमरता का भी कुंभ से गहरा संबंध है। साधारणतया अमृत से एक ऐसे पदार्थ का आशय निकाला जाता है,जिसको ग्रहण करने के बाद हम कालवाह्य हो जाते हैं,कालातीत हो जाते हैं,काल के गुणधर्म से परे हो जाते हैं। अस्तित्व का विस्तार त्रिकाल में हो जाता है। लेकिन यह अमृत और अमरत्व की बहुत रूढ़ व्याख्या है। रूपांतरण की प्रक्रिया के जरिए अपने अस्तित्व को बनाए रखना भी एक प्रकार का अमरत्व है। भारतीय संस्कृति का अमरत्व कुछ इसी प्रकार का है। सामयिक परिवर्तनों को आत्मसात करने की प्रक्रिया में भारतीय संस्कृति का कलेवर बदल जाता है,लेकिन उसके मूलाधार नहीं बदलते। वह नितनवीन होने के साथ भी चिरपुरातन भी बनी रहती है। नितनवीन और चिरपुरातन के बीच संतुलन बिंदुओं की खोज और उनको साधने की प्रक्रिया में कुंभ जैसे आयोजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। आज जब हम परिवर्तनों के अंधड़ में जी रहे हैं तब इस संतुलन के नवीन सूत्रों की खोज अपेक्षाकृत अधिक आवश्यक हो गई है। यदि हम कुंभ को व्यवस्थागत संवाद के प्लेटफार्म के मूलस्वरूप में स्थापित करने में सफल हो जाते हैं तो निश्चित रूप से संतुलन के नवीन सूत्रों की खोज भी कर लेंगे। ऐसा करना अपनी सांस्कृतिक धारा को अक्षय बनाए रखने के लिए जरूरी है। 

व्यवस्थागत व्याख्या से मिलेगा कुंभ का अमृत


भारतीय मनीषा, परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है, कि अवधारणा से पूरी तरह सहमत नहीं है। वह इससे एक कदम आगे जाकर सातत्य के साथ परिवर्तन की अवधारणा में विश्वास करती है। परिवर्तन हवा में नहीं बल्कि सातत्य की आधारभूमि पर ही अवतरित होते हैं। इसके अलावा नए तत्वों के अवतरण को ही हम परिवर्तन नहीं मानते। इसमें रूपांतरण का आयाम भी शामिल है। जन्म-मरण और पुनर्जन्म के संदर्भों में तो परिवर्तन का मतलब ही रूपांतरण है। यह रूपांतरण शाश्वत तत्व का होता है,जो समय की मर्यादा के अनुरूप नया चोला धारण कर लेता है। आत्मा अमर है और शरीर बदलता रहता है। यह हमारी मान्यता है। यह मान्यता सातत्य के साथ परिवर्तन की अवधारणा को आध्यात्मिक पृष्ठभूमि उपलब्ध कराती है। लौकिक  परिप्रेक्ष्य और राष्ट्रीय सामाजिक जीवन में भी इस मान्यता के कई उदाहरण आज भी हमको देखने को मिलते हैं। इसीकारण,हम सामयिक अभिव्यक्ति के साथ शाश्वत तत्वों की पहचान पर भी जोर देते हैं। जब शाश्वत प्रज्ञा और सामयिक बुद्धि का संतुलन सधता है तो सुंदरता का आविर्भाव होता है। महाकवि माघ ने सुंदरता को परिभाषित करते हुए कहा है कि-
क्षणे क्षणे यन्नवतामुपैती
तदैव रूपं रमणीयताया।
यदि स्थिरता को धारण करने वाला कोई तत्व क्षण-क्षण में रूपांतरण करे,नया रूप धारण करे तो वहां रमणीकता पैदा हो जाती है,सुं्दरता पैदा हो जाती है। शाश्वत को पहचानकर उसको सामयिक अभिव्यक्ति प्रदान करना भारतीय संस्कृति की मूल विशेषता कही जा सकती है और कुंभ को इसी मान्यता की एक वृहद अभिव्यक्ति माना जा सकता है।
धर्म संसद का बारह-वर्षीय सत्र है कुंभ : पश्चिमी शिक्षा-व्यवस्था में पले-बढ़े अधिकांश बुद्धिजीवियों की मान्यता है कि लोकतंत्र में निहित विशेषताओं का विकास पश्चिमी देशों में हुआ है। यह वर्ग मानता है कि व्यवस्थागत मुद्दों में समाज की सहभागिता और सार्वजनिक चर्चा जैसी लोकतांत्रिक विशेषताओं का इतिहास दो सौ साल से अधिक पुराना नहीं है। परंतु यह अवधारणा सही नहीं है । भारत में लोकतांत्रिक परंपराएं लंबे समय से मौजूद रही हैं। यह अलग बात है कि यदि हम ब्रिटेन अथवा अमेरिका को केंद्र में रेखकर भारत का अध्ययन करेंगे तो ऐसी विशेषताओं की पहचान कर पाना मुश्किल होगा। पश्चिमी देशों में नीति-निर्माण की प्रक्रिया पूरी तरह राजसत्ता के हाथों में केंद्रित है। दूसरे,शब्दों में कहें तो वहां पर नीति-निर्माण की प्रक्रिया पर राजसत्ता का एकाधिकार है। भारत की व्यवस्थागत संरचना पश्चिमी दुनिया से अलग है। यहां पर नीति-निर्माण की प्रक्रिया बहुध्रवीय है। यह राज,समाज और धर्म में विकेंद्रित है। इन त्रिपुटी के सुंदर समन्वय से यह व्यवस्था  संचालित होती है। राजदंड पर धर्मदंड के नियंत्रण की बात राज और धर्म के संतुलन की तरफ संकेत करता है। इसी तरह पंचायत प्रणाली लोकसत्ता औश्र राजसत्ता के संबंधों की तरफ संकेत करती है।
भारतीय व्यवस्था का सूक्ष्मतापूर्वक अवलोकन करने से यह स्पष्ट हो जाता है कि धर्मतंत्र और राजतंत्र के बीच संवाद के अवसरों की बहुलता है। इसी तरह राजतंत्र और  समाजतंत्र के बीच संवाद के अवसर भी बन जाते हैं लेकिन धर्मतंत्र और समाजतंत्र के बीच संवाद के अवसरों की संभावना स्वाभाविक रूप से नहीं बन पाती । उनका सृजन करना पड़ता है। धर्म और समाज के बीच एक नियमित अंतराल पर संवाद का सृजन हो सके ,इसके लिए ही कुंभ जैसे आयोजन अस्तित्व में आए। कुंभ  समाज और धर्म के बीच संवाद का एक वृहद प्लेटफार्म है।
कुंभ की व्यवस्थागत व्याख्या: भारतीय चिंतन सदैव से लोक और वेद के संतुलन पर जोर देता है। कुछ लोग इसी विशेषता को ऋषि और कृषि परंपरा के संतुलन के रूप में परिभाषित करते हैं। समय के कारण हो रहे बदलावों को समाज अपने ढंग से महसूस करता है और आदर्श की मर्यादाओं में रहकर नए बदलावों के साथ सामंजस्य बिठाने की कोशिश करता है। परिवर्तन की बयार मर्यादा के स्तंभों को धाराशायी न कर दे, इसके लिए समाज लगभग एकदशक में कुछ सूत्रों की तलाश कर लेता है और यह चाहता है कि व्यवस्था में उनको स्थान मिले। हालांकि ये सूत्र अभिव्यक्ति के लिहाज से अनगढ़ होते हैं और कुछ हद तक अपरिष्कृत भी। लेकिन ये व्यवहारिक दृष्टि से अधिक सक्षम भी होते हैं। इन सूत्रों और समाधानों की खूबसूरती यह है कि इनकी रचना  दैनिक जीवन के झंझावातों में स्वाभाविक रूप से सृजित होते हैं। ऐसे सूत्र एकांत में पैदा होने वाले एकांगी सूत्र नहीं होते बल्कि जीवन की धूप-छाव में ,दु:ख-सुख में,उतार-चढ़ाव में पैदा होते हैं। शायद इसीलिए इनमें व्यवस्था को ठीक रास्ते पर रखने की क्षमता अधिक होती है।
धर्मसत्ता का तो ध्येय ही है-आत्मनोमोक्षार्थ जगत् हिताय च। आत्म मुक्ति का रास्ता सामाजिक कल्याण से पृथक नहीं है। इसीलिए,धर्मसत्ता की भी सामाजिक बदलावों पर बड़ी गहरी नजर होती है। वह एक परिदृश्य में हो रहे बदलावों का विश£ेषण करने में सक्षम होते है और राजसत्ता जिस शब्दावली और मुहावरों को समझती है,उनमें ही नए बदलावों को अभिव्यक्त भी कर सकती है। धर्मसत्ता का चिंतन लोकसत्ता की अपेक्षा अधिक उदात्त और आदर्शवादी होता है। इस परिप्रेक्ष्य में यह आवश्यक हो जाता है कि धर्मसत्ता और लोकसत्ता  एकदशकीय संगम हो। ताकि यथार्थ और आदर्श का सम्मिलन हो सके। अपरिष्कृत विचारों को सुघड़ अभिव्यक्ति मिल सके। लोकसत्ता ,धर्मसत्ता के आकाश में उड़ान भर सके और धर्मसत्ता,लोकसत्ता की खुरदुरी जमीन पर चलने के कटु अनुभव से वाकिफ हो सके । एक संतुलित और समग्र विधायन के लिए धर्मसत्ता और लोकसत्ता का संगम आवश्यक है। कुंभ को एक ऐसा ही संगम माना जा सकता है।कुंभ की इस तरह की व्यवस्थागत व्याख्या परंपरा के आग्रही और आधुनिकता के दुराग्रही,दोनों को अजीब लग सकती है। यह तर्क दिया जा सकता है कि कुंभ का सम्बंध तो समुद्र मंथन और उससे उपजे अमृतकलश से है। यह भी कहा जा सकता है कि कुंभ का आयोजन ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। आधुनिकतावादी यह तर्क दे सकते हैं कि इतनी बारीक व्यवस्थागत समझ और उसके संस्थानीकरण की क्षमता भारत के पास कभी भी नहीं रही। कुंभ तो अंधविश्वास का महामेला है। इन प्रश्रों के बीच पूरी विनम्रता से यह प्रश्र भी पूछा जाना चाहिए कि क्या सैकड़ों सालों के प्रयास के बिना इस तरह के आयोजन अस्तित्व में आ सकते है? एक ऐसा आयोजन जिसकी पहुंच निरक्षर,गरीब और दुर्गम इलाकों तक है। कुंभ जैसे जटिल और वृहद आयोजन को किसी एक खांचे में रखकर व्याख्यायित नहीं किया जा सकता। फिर भी,एक ऐसे दौर में जब युवा पीढ़ी अपनी पहचान को नए सिरे से खोजने का प्रयास कर रही है,कुंभ पर भी नई चर्चा शुरू होनी चाहिए। 
अमृतकलश के अस्तित्व की खोज तभी सार्थक होगी जब यह भारतीय परिप्रेक्ष्य में,भारतीय दृष्टि से और भारतीय शब्दावली में की जाए। पश्चिम अगर कुंभ की जड़ों को खोजने चलेगा तो परिणाम अनर्थकारी होंगे। उसके पास वह दृष्टि ही नहीं है जो इसकी व्याख्या कर सके। वह तो कुंभ को आर्थिक परिप्रेक्ष्य में ही व्याख्यायित करने की कुशलता रखता है। यही उसकी सीमा भी है। कितने लोग आए,कितने लोग गए,कितने का सामान बिका,सरकार ने कितना खर्च किया,पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था कैसी रही,इस नजरिए से कुंभ की व्याख्या पश्चिम कर सकता है और कर भी रहा है। दुर्भाग्य से मीडिया भी अपनी व्याख्याएं इसी तर्ज पर कर रहा है। कुंभ की व्याख्या व्यवस्थागत और सांस्कृतिक नजरिए से कोई कोशिश हो रही हो ,ऐसा नहीं दिखाई देता।भारतीय दृष्टि से होने वाली व्याख्या हिसाब-किताब से आगे की व्याख्या होगी। हमारी व्याख्या के केंद्र में यह होना चाहिए कि कैसे बिना-बुलावे के लाखों-करोड़ों लोग आते हैं? कैसे भारतीय समाज में गहरे तक जड़ जमा चुकी जातिवादी व्यवस्था संगमतट और अन्यकुंभों में पहुंचकर दम तोड़ देती है। वह क्या कारण है जिसके कारण लाखों लोग कंपकंपाती ढंठ में अपनी छोटी गठरी लेकर साधुओं का सान्निध्य के जरिए पुण्य कमाने पहुंच जाते हैं? क्या कुंभ भारतीय समाज को एकसूत्र में बांधे रखने में अहम भूमिका निभाता है अथवा निभा रहा है? और क्या कुंभ के जरिए उन प्रतीकों और मान्यताओं को पुनर्जीवन मिलता है,जिन्हें हम भारतीय संस्कृति का आधार कहते हैं। पिछले दो दशकों से भारतीय लोकअनुभवों के जरिए जलसंरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय राजेंद्र सिंह कुंभ के आयोजन को एक नए परिप्रेक्ष्य से जोड़ते हैं। उनका मानना है कि कुंभ समाज को नदियों के प्रति संवेदनशील बनाता है,आस्थावान बनाता है। यह लोकसंवेदना नदियों को सदानीरा और स्वच्छ बनाए रखती है। कुंभ के जरिए भारतीय समाज जल संपदा के प्रति संवेदनशील बना रहता है। राजेंद्र सिंह की अवधारणा में सत्य का कितना पुट है,इसको लेकर बहस की जा सकती है। लेकिन यह हमको कुंभ की व्याख्या का एक नया और मौलिक भारतीय परिप्रेक्ष्य जरूर उपलब्ध कराता है।
भारत को भारतीय दृष्टि से समझना और समझाना समय की सबसे बड़ी मांग है। यदि एक राष्ट्र के रूप में हम अपने अस्तित्व को अपनी दृष्टि और अपनी भाषा में समझने में सफल हो जाते हैं तो सदियों की गुलामी से हमारे भीतर पनपी आत्महीनता की ग्रंथि का अपने आप उच्छेदन हो जाएगा। कुंभ जैसे वृहत्तर आयोजन के जरिए हम स्वयं को नए सिरे से समझने की प्रक्रिया की शुरूआत कर सकते हैं। यह शुरूआत राष्ट्र और समाज जीवन के अन्य  तत्वों को भी मौलिक भारतीय दृष्टि से समझने के लिए प्रेरित करेगी। इसके जरिए हमारे सनातन पुण्यप्रवाह को अमृत की कुछ नई बूंदे मिल सकेंगी।

   



नए मुद्दों और मुहावरों के चुनाव


लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती इसका परिवर्तन की प्रक्रिया के साथ कदमताल करते हुए आगे बढऩा है। लोकतांत्रिक शासनप्रणाली बदलावों के प्रति सजग और संवेदनशील होती है।  परिवर्तन को पहचानने और अभिव्यक्त करने में सक्षम होने के कारण यह एक सेफ्टी वाल्व की तरह भी काम करती है, जिसके जरिए लोगों का गुस्सा और गुबार समय-समय पर बाहर निकलता रहता है। इसीलिए लोकतंत्र में हिंसा का स्पेस कम होता है और सत्ता का हस्तांतरण भी शांतिपूर्ण ढंग से संभव हो पाता है। यह प्रणाली समय-समय पर समकालिक बदलावों के अनुरूप मुद्दों और मुहावरों को भी गढ़ती है।
हाल ही में,हिमाचल प्रदेश और गुजरात में हुए चुनाव सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तक सीमित नहीं हैं। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में, इन चुनावों  का महत्व कुछ नए लक्षणों के कारण भी है। इस चुनाव ने राजनीतिक गलियारे को कुछ नए मुद्दे और मुहावरे दिए हैं। यह मुद्दे और मुहावरे इस बात की तरफ संकेत करते हैं कि भारतीय राजनीति नए चरण में प्रवेश कर चुकी हैं।
इस चुनाव को सबसे रोचक मुहावरा दिया गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने। उनसे जब कुछ पत्रकारों ने पूछा कि आप पिछले 11 सालों से सत्ता में हैं,क्या आपको सत्ता विरोधी लहर अथवा एंटी-इंकम्बेंसी से डर नहीं लगता। मोदी ने इसका बड़ा रोचक उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि एंटी-इंकम्बेंसी अब गुजरे जमाने की बात हो चुकी है। राजनीतिक पंडितों के विश्लेषण का यह हथियार गुजरात में काम नहीं करेगा। गुजरात में इस बार सत्ता के पक्ष में लहर अर्थात प्रो-इंकम्बेंसी है। मोदी के द्वारा दिया गया यह नया मुहावरा जल्द ही राजनीतिक विश£ेषकों की शब्दावली में शामिल हो गया। चुनाव  परिणाम आने के बाद बहुत राजनीतिक पंडित इस बात कि चर्चा करते सुने गए कि कैसे दिल्ली,ओडीशा और असम में प्रो-इंकम्बेंसी काम कर रही है।
मोदी का 3 डी प्रचार अभियान भी इस चुनाव के जरिए भारतीय राजनीति को दी गई एक नई देन है। इस तकनीक को अस्तित्व में आए ता लम्बा अरसा हो गया है लेकिन राजनीतिक क्षेत्र में पहली बार इसका उपयोग गुजरात चुनावों के समय हुआ।   
हिमाचली परिप्रेक्ष्य में देखें तो यहां पहली बार चुनाव अभियान में  रिपीट जैसे पारंपरिक शब्द के साथ डिलीट जैसे सायबर शब्द का भी इस्तेमाल हुआ । चुनाव की पूरी अवधि के दौरान आम आदमी की चर्चा भी मिशन रिपीट और मिशन डिलीट के चहुंओर चक्कर काटती रही। चुनावों के परिणाम आने के बाद अधिकांश समाचार पत्रों की लीड स्टोरी की हेडिंग में रिपीट और डिलीट शब्द ही छाए रहे।
इन चुनावों का महत्व मुहावरों से अधिक मुद्दों के लिहाज से है। हिमाचल प्रदेश और गुजरात दोनों में पहली बार चुनाव विशुद्ध रूप से विकास के नाम पर लड़े गए। गुजरात के चुनाव में तो आंकड़ेबाजी अपने चरमसीमा पर पहुंच गई थी। टेलिविजन पर होने वाली चुनावी चर्चाओं को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे हम अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनावों की चर्चा सुन रहे हैं। कोई यह बताने में जुटा था कि गुजरात में औद्योगिक और कृषि विकास दर क्या है तो कोई गुजरात मे एनीमिक महिलाओं और कुपोषित बच्चों का आंकड़ा प्रस्तुत कर रहा था। देखने में तो यह साधारण बात लगती है लेकिन यदि हम तमिलनाडु,उत्तर प्रदेश अथवा बिहार के चुनावी मुद्दों पर नजर डालें तो इसका महत्व स्पष्ट हो जाता है। तमिलनाडु में चर्चा इस बात को लेकर थी कि कौन सी पार्टी कितने मुफ्त उपहार दे रही है। उत्तर प्रदेश  और बिहार के चुनाव में तो हर चर्चा जाति से शुरू होती है और उसी में समाहित हो जाती है। इसी कारण,तमाम क्षमताओं के बावजूद ये राज्य विकास के पैमाने पर यह राज्य अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। गुजरात के चुनाव में पटेल फैक्टर की बात जरूर की जा रही थी,कई लोग इससे भी आगे जाकर कड़वा पटेल और लेउआ पटेल की भी चर्चा कर रहे थे,लेकिन मूल मुद्दा तो गुजरात का विकास ही था। इसीलिए,इस बार कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने मोदी को विकास के मोर्चे पर घेरने की कोशिश की। गुजराती विकास को छलावा बताया। इससे पहले गुजरात चुनाव सांप्रदायिक मुद्दे के आस-पास ही घूमता था। 2007 के चुनावों में सोनिया ने विकास के छलावा होने की बात नहीं कही थी,बल्कि मौता का सौदागर होने की टिप्पणी की थी। इससे साबित होता है कि गुजरात चुनाव मोदी द्वारा गढ़े गए विकास -प्रतिमान के चहुंओर ही लड़े गए।  

हिमाचल में भी विकास ही प्रमुख मुद्दा रहा। चुनाव हारने के बाद प्रेम कुमार धूमल ने जो पहली प्रतिक्रिया दी वह प्रमुख मुद्दे की तरफ इशारा करती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोई भी ऐसा घर नहीं है,जो पिछले पांच सालों में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से किसी न किसी रूप में लाभान्वित नहीं हुआ हो। फिर भी हमारी पार्टी को अपेक्षित मत नहीं मिले ,तो यह मंथन का विषय है। जाहिर है उनको  विकास के कामों के जरिए सत्ता में पुनर्वापसी का भरोसा था।
चुनाव जीतने के बाद मोदी ने कहा कि यह गुजरात के विकास मॉडल की जीत है तो वित्तमंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि हिमाचल और गुजरात में लोगों ने भाजपा के विकास मॉडल को नकार दिया है। यह दोनों टिप्पणियां विकास मॉडल पर केंद्रित थी और इस बात की तरफ संकेत कर रही थीं कि भारतीय राजनीति एक नई और ऊंची कक्षा में प्रवेश कर रही है।  

रविवार, 7 सितंबर 2014

वीगन होने का फैशन


पश्चिमी देशों को फैशन का ट्रेंड सेटर माना जाता है और वहां का लेटेस्ट फैशन ट्रेंड वीगन होना है। वीगन को साधारण भाषा में हम शाकाहारी कह सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण वहां के लोगों में मांसाहार,फास्ट फूड और जंक फूड के प्रति रुझान कम हुआ है और  शाकाहारी होना एक फैशन
बन गया है।
प्राय: हम मानते हैं कि फैशन परिधान की दुनिया से जुड़ा हुआ शब्द है।  कोक-पेप्सी और पिज्जा-बर्गर को छोड़ दें तो खान-पान की आदतें  फैशन का रूप धारण नहीं करती। फैशन का एक अन्य मतलब तड़क -भड़क और उत्तेजना से होता है। बहुत कम मौकों पर सादगी को फैशन के रूप में स्वीकार किया जाता है। वीगन होने का फैशन खान-पान से जुड़े होने के साथ सादगी से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए इसका फैशन ट्रेंड बनना वास्तव में एक खास चलन के अस्तित्व में आने का संकेत है।
  पश्चिमी देशों में कुछ साल पहले तक माहौल कुछ ऐसा था कि अगर आप कहें कि आप मांस नहीं खाते, तो आपको हैरत भरी नजरों से देखा जाता, पर अब यहां शाकाहारी ही नहीं, वीगन लोगों की भी तादाद बढ़ती जा रही है। वीगन यानी वे लोग जो जानवरों से लिया कुछ भी नहीं खाते. सिर्फ मीट या अंडा ही नहीं, वे दूध और दही से भी दूर रहते हैं. कुछ साल पहले तक पशु उत्पादों को पूरी तरह नकारने वाले लोगों को यूरोप में सिरफिरा समझा जाता था, पर अब यह चलन में है।
वीगन लोकप्रियता की एक वजह यह है कि वह मेनस्ट्रीम होता जा रहा है। इसमें माइक टायसन और ग्विनेथ पैल्ट्रो जैसे सितारों के प्रचार का भी योगदान है। जर्मन शेफ अटिला हिल्डमन जाने माने वीगन हैं। उनकी वीगन कुक बुक की 3 लाख प्रतियां बिक चुकी हैं।
'वीगन फॉर फिटÓ नाम की हिल्डमन की किताब जर्मनी की बेस्ट सैलर सूची
में शामिल है। उन्होंने किताब में
वीगन बन कर वजन कम करने के टिप्स दिए हैं।
प्राकृतिक आहार लेने के मामले में वीगन शाकाहारियों से भी एक कदम आगे हैं।  शाकाहारी दूध और शहद को आहार के रूप में लेने में कोई बुराई नहीं मानते जबकि वीगन दूध और शहद को भी बुरा मानते हैं क्योंकि वीगन किसी भी पशु उत्पाद को नहीं लेने की वकालत करते हैं । वे ना सिर्फ जानवरों को बचना चाहते हैं, बल्कि पर्यावरण की भी रक्षा करना
चाहते हैं। वीगन होना केवल स्वास्थ्य से ही नहीं जुड़ा है, बल्कि यह एक जीवनशैली है। जर्मनी में करीब 6 लाख  वीगन हैं।
सोया से बने कबाब, बिना दूध का चीज और कुत्ते- बिल्लियों के लिए भी शाकाहारी भोजन, बाजार में ये सब उपलब्ध हंै। कभी जर्मनी में शाकाहारी चीजें मिलना मुश्किल था, पर इस बीच वीगन खाना भी आसानी से मिल जाता है। देश भर में कई वीगन दुकानें और रेस्तरां खुल गए हैं।
सिर्फ जर्मनी में ही नहीं, यह चलन दुनिया भर में तेजी से फैल रहा है. खास तौर से ब्रिटेन और अमरीका में वीगन लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके अलावा ब्राजील और बहुत से एशियाई देशों में बौद्ध संप्रदाय के लोगों में भी इसका
चलन है।
 भारत में शाकाहार की एक सुदृढ़ और सुदीर्घ परंपरा है
तो दूसरी तरफ ऐसे बुद्धिजीवियों की जमात है जो शाकाहार को पिछड़ेपन की निशानी मानते हैं और कुपोषण
का कारण भी। ऐसे में भारतीय, शाकाहार के पश्चिमी संस्करण यानी वीगनिज्म को किस रूप में लेते हंै, इसे देखना बहुत ही रोचक होगा क्योंकि यहां पर पश्चिमी ठप्पे को आधुनिकता की निशानी मानने का चलन चल पड़ा है।

शनिवार, 3 मार्च 2012

रंगीली होली और रसहीन मीडिया

वैश्वीकरण की जीवनसंगिनी उपभोक्तावादी मानसिकता भारतीय मनीषा को यह कहकर पिछडा साबित करने की कोशिश करती रहती है कि यह रसहीन है। इसमें त्याग&तपस्या पर बहुत बल दिया जाता है और मनुष्य की स्वाभाविक प्रवृत्तियों की संतुष्टि के लिए स्पेस नहीं है। उपभोक्तावादी मानसिकता के इस आरोप को अंग्रजीदां बुद्धिजीवी और मीडिया बडे उत्साह के साथ स्वीकार करते है। इसी तर्क के आधार पर यह तबका वैलेण्टाईन डे न्यू ईयर पार्टी जैसे आयोजनों को तर्कसंगत ठहराने की कोशिश करता है। इसके साथ ही भारतीय जीवनशैली और जीवनदर्शन को अप्रासंगिक साबित करने की भी कोशिश की जाती है। लोगों को यह भी बताया जाता है कि भारतीय जीवनशैली को अद्यतन तथा प्रासंगिक बनाए रखने के लिए उसमें पश्चिमी मूल्यों एवं त्योहारों का समावेश आवश्यक है। लेकिन क्या भारतीयता सचमुच रसहीन है या बुद्धिजीवियों एवं मीडिया की आंखों पर चढा पश्चिमी चश्मा उनको भारतीय रस परम्परा का दर्शन ही नहीं करने देता। होली का त्योहार इस आरोप का उत्तर देने में सक्षम है। यह त्योहार भारतीय रस परम्परा से हमारा परिचय भी कराता है।

भारतीय मनीषियों ने ईश्वर की अनुभूति रसो वै सः के रुप में की है। चरम अनुभति को रसमय माना है । यही मनीषा ईश्वर को सच्चिदानंद भी कहती है। यानी भारतीय मानस के लिए ईश्वर और आनंद की अनुभूतियां अलग अलग नहीं हैं। होली भारतीय चित द्वारा इसी रस की स्वीकृति और अभिव्यक्ति है। होली आधुनिक बुद्धिजीवियों की उस संकल्पना पर करारा वार करती है जिसके अनुसार परम्परागत भारतीय समाज आनंद की अनुभूति से विमुख है। और इस समाज में आनंद की स्वीकृति और अभिव्यक्ति के लिए कोई स्पेस नहीं है। पश्चिमी नजरिए में रचे -पगे इन बुद्धिजीवियों को होली की रंगीनमिजाजी आकर्षित नहीं करती। जिस समाज में प्राचीनकाल से ही कौमुदी महोत्सव मनाए जाने की परम्परा रही है वह समाज रस और आनंद से विमुख कैसे हो सकता है। आज की विद्वतमण्डली यदि होली और कौमुदी महोत्सव को भूलकर वैलेण्टाइन डे को अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिए जरुरी मानती है तो यह उसकी आत्मविस्मृति और आत्महीनता की स्थित को ही दर्शाती है।

हां यह बात जरुर है कि भारत ने आनंद की अपनी अलग परिभाषा गढी और आनंद की अनुभूति के अपने तौर-तरीके भी विकसित किए। यह तरीके सामान्यबोध अथवा कामनसेंस पर आधारित है और सामाजिक चैखटों का भी इसमें ध्यान दिया जाता है। भारतीय लोकपरम्परा इस बात पर बल देती है कि चैकी का काम चैके पर और चैके का काम चैकी पर नहीं करना चाहिए। यह समाज व्यवस्था को बनाए रखने की दृष्टि से आवश्यक है। सामाजिक स्वास्थ्य को बनाए रखते हुए रसास्वादन करना भारत की एक प्रमुख विशेषता है। पश्चिमी देश आज भी आनंद की अनुभूति के संदर्भ में व्यक्ति और समाज के बीच ऐसा संतुलन नहीं स्थापित कर सके हैं। इसीलिए अपनी आंख पर पश्चिमी चश्मा लगाए लोगों को यह बात असम्भव लगती है कि परिवार और समाज के दायरे में रहकर भी आनंद लिया जा सकता है।

बुद्धिजीवियों के इस वर्ग की मानसिकता को समझने के लिए अंग्रेजी मीडिया को केस स्टडी के रुप में लिया जा सकता है। अंग्रेजी मीडिया में अंग्रेजीदां मानिसिकता के लोग ही हावी हैं। इसीलिए अंग्रेजी मीडिया में कभी भी होली के त्योहार को आनंद के त्योहार के रुप में नहीं परोसा जाता। कुछ रंग बिरंग समाचार और चित्र जरुर चिपका दिए जाते हैं। होली का त्योहार अपने में आनंद का दर्शन समाहित किए हुए है। इस दर्शन को भारतीय संदर्भों में पहचानने और व्याख्यायित करने की कोशिश अंग्रेजी मीडिया कभी नहीं करती। बसंत क्या है इस मौसम में आम जनमानस क्यों उल्लसित होता है , उसकी बसंत ऋतु को लेकर क्या अवधारणाएं और परंपराएं हैं इन बातों से अंग्रेजी मीडिया का कुछ भी लेना देना नहीं होता।

पढे लिखे लोग भी होली के उत्साह को भांप नहीं पाते। या भांपकर भी इस लोक उत्साह को पिछडे एवं गंवारु लोगों के मन की अनगढ अभिव्यक्ति मान लेते हैं। वस्तुतः ऐसा नहीं है। होली सुसंस्कृत मन की अनगढ अभिव्यक्त है। भारतीय लोक परम्परा के अद्वितीय अन्वेषक विद्यानिवास मिश्र ने भारतीय लोकमानस का अवधूत भगवान शिव का प्रतिबिम्ब माना है। भगवान शिव का बाहरी रुप अनगढ है। गले में सांप है। पूरे तन भस्म से लिपटा हुआ है। भूत -बैताल उनके सभासद है ।बाहर से वह बहुत भयावह हैं। लेकिन अंतःकरण विषपायी है। भगवान शिव साक्षात योगीश्वर हैं और आशुतोष हैं। जल्दी से प्रसन्न होकर किसी को कोई भी वरदान दे सकते हैं। इसी तरह भारतीय मन बाहर से देखने में तो अनगढ लगता है लेकिन अंदर से वह सभ्य है। होली इसी भारतीय मन का एक त्योहार के रुप में पूर्ण प्रकटीकारण है।

होली उसी भारतीय लोकमानस की अभिव्यक्ति है जो अब भी परम्परा को सींच रहा है और उससे रस भी ले रहा है। होली के मन को समझने के लिए गांव का मन समझना जरुरी है। होली गंवई मन की ही अभिव्यक्ति है। गांव में आज भी किसी एक व्यक्ति के बीमार पडने पर सभी ग्रामीण हाल-चाल पूछने जाते हैं। किसी झोपडी में आग लगने पर पूरे गांव के लोग अपने बर्तन लेकर आग बुझाने का चल देते हैं। यह गंवई मन दमकल विभाग को फोन कर अपने कर्तव्य की इतिश्री नहीं समझ लेता। होली उस सामूहिक मन की अभिव्यक्ति है जो आज भी बसंत के आगमन पर बसंत और विरह के गीत गाता है। होली उन होलियारों के मन की अभिव्यक्ति है जो आज भी गांव के हर घर के सामने जाकर कबीरा कहता है। गांव की भाभियों से होली खेलने के लिए मान-मनौव्वल भी करता है और घंटो धरना प्रदर्शन भी । यह टोली तभी आगे बढती है जब घर की नई -नवेली बहू के साथ होली खेलने का मौका मिल जाए।

इन होलिहारों के होली खेलने के तरीके को आप अनगढ कह सकते हैं। ये केवल आपको रंग लगाएंगे नहीं। रंगों से आपको सराबोर कर देंगे । कभी -कभी तो दस बीस होलिहारे आपको पटक कर रंग लगाएंगे। इतना सब कुछ होने के बाद आपको गोद में उठाकर हवा में भी लहराएंगे और भावातिरेक में गले भी मिलेंगे। इसके बाद दिन के दूसरे पहर यही होलिहारे आपको प्रसिद्ध लोक कवि शारदा प्रसार सिंह की पंक्तियां नियरान बसंत कंत न पठए पतिया गाते हुए मिल जाएंगे।

इस गंवई सभ्य मन के आनंद को आज का तथाकथित सभ्य समाज कैसे समझ सकता है जो शाम को किसी से काम निकालने के लिए सुबह नमस्ते करता है। इस समाज में जैरमी भी बिना कारण नहीं होती। वैसे गंवई मन के इस होली भाव को आप क्या कहेंगे। सभ्य या असभ्य। अंगेजी मीडिया तो इसे असभ्य घोषित कर चुका है। यह सभी भावनाओं और आयोजनों को वस्तुकरण को ही सभ्यता रंगीनमिजाजी का पर्याप मानती है। शायद इसीलिए उसकी नजर में सभ्यता और रसास्वादन की निशानी मात्र वैलेण्टाईन डे के दिन उपहारों के आदान-प्रदान और ईसाई नववर्ष के दिन शराब पीकर हुडदंग मचाने में ही है।

प्राथमिकताओं से गायब एक ‘प्लेटफॉर्म’

किसी व्यक्ति,व्यवस्था, समाज अथवा संस्था की प्राथमिकताएं उसकी भविष्यदृष्टि की बेहतरीन संकेतक होती हैं। प्राथमिकताएं व्यक्ति अथवा व्यवस्था की विशेषताओं की तरफ संकेत करती हैं ,खूबियों और खामियों के बारे में बताती है। इसलिए व्यक्ति अथवा व्यवस्था का विश्लेषण करते समय उनकी प्राथमिकताओं पर नजर डालना आवश्यक हो जाता है। मीडिया भी मौजूदा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली एक महत्वपूर्ण संस्था है । इसलिए मीडिया की प्राथमिकताओं पर दृष्टिपात किए बिना,इसकी दशा -दिशा का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।

वर्ष 2011 में मीडिया की भूमिका का विश्लेषण करते समय हमारी दृष्टि अन्ना आंदोलन तक सिमट कर रह जाती है। इस आंदोलन में मीडिया ने व्यवस्था विरोधी भूमिका निभाकर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को प्रकट किया । इस भूमिका के कारण ही मीडिया के प्रति समाज में पनप रहा ‘ विश्वनीयता का संकट’ भी एक हद तक दूर हुआ। इसमें कोई दो राय नहीं कि अन्ना आंदोलन ने भारत की नई पीढी का राजनीतिक दृष्टि से प्रशिक्षित किया है।आम लोगों को ‘ लोक सम्प्रभुता’ का अहसास दिलाया है।लेकिन इस आंदोलन के कोलाहल में मीडिया से ऐसा बहुत कुछ अनसुना और अनकहा रह गया जो इस नीले ग्रह पर जीवन को बनाए रखने पर बनाए रखने के लिए अतिशय महत्वपूर्ण है। डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ एक ऐसा ही घटनाक्रम है,जो मानवीय अस्तित्व और भारतीय भविष्य को निर्णायक रुप से प्रभावित करेगा। हैरत की बात यह है कि इस घटनाक्रम की अनुगूंज मीडियाई गलियारे में नहीं सुनाई पडी। मीडिया की प्राथमिकता से डरंबन ‘प्लेटफॉर्म’ एकसिरे से गायब रहा।

डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ जलवायु परिवर्तन की समस्या से सम्बंधित है। इस प्लेटॅफार्म ने पहली बार इस समस्या को वैश्विक स्वीकार्यता प्रदान की है और इस समस्या से लडने के लिए वैश्विक सहभागिता का एक मंच भी उपलब्ध कराया है। दरअसल, पिछले दो दशकों से जलवायु परिवर्तन की पर्यावरणीय समस्या मानव अस्तित्व के समक्ष सबसे बडे संकट के रुप में उभरी हैं। इस समस्या के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर एक बाध्यकारी प्रारुप तैयार करने के लिए प्रयास किए जा रहे थे । 1997 की क्योटो संधि इस समस्या की समाधान की दिशा में बढाया गया पहला कदम था । यह संधि 16 फरवरी 2005 को प्रभावी हुई। इसमें यह प्रावधान किया गया था कि प्रमुख कार्बन डाई आक्साईड उत्सर्जक देश 2008 से 2012 के बीच इस गैस का उत्सर्जन घटाकर 1990 के उत्सर्जन स्तर से 5 फीसदी नीचे लाएंगे। अमेरिका और आस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख उत्सर्जक देशों ने इस संधि को अपनी अर्थव्यवस्था के लिए घातक बताकर इसको स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

इन विकसित देशों का तर्क था कि भारत और चीन जैसी उभरती व्यवस्थाओं पर भी क्योटो संधि के प्रावधान समान रुप से लागू किए जाने चाहिए। यह देश प्रति व्यक्ति उत्सर्जन की बजाय किसी देश द्वारा किए जा रहे सम्पूर्ण उत्सर्जन के आधार पर मसौदे के प्रावधान लागू करने की वकालत कर रहे थे । दूसरी तरफ भारत,चीन और ब्राजील जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाएं विकासशील देशों पर विकसित देशों की तरह पर्यावरणीय प्रतिबंध नहीं लगाए जाने के पक्ष में नहीं थी। इन देशों का तर्क था विशाल जनसंख्या के कारण विकासशील देशों का सम्पूर्ण उत्सर्जन अधिक हो सकता है , लेकिन प्रतिव्यक्ति उत्सर्जन कम है।

इसलिए किसी भी मसौदे के बाध्यकारी प्रावधान सम्पूर्ण उत्सर्जन की बजाय प्रति व्यक्ति उत्सर्जन पर आधारित होने चाहिए।उदाहरण के लिए चीन पिछले पांच सालों में अमेरिका को पिछाडते हुए दुनिया का सबसे बडा उत्सर्जक देश बन गया है , परन्तु वहां पर अब भी प्रतिव्यक्ति कार्बन उत्सर्जन बहुत कम है। चीन विश्व के कुल कार्बन उत्सर्जन का 24 फीसदी हिस्सा उत्सर्जित करता है लेकिन उसका प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन मात्र 6 टन है। दूसरी तरफ अमेरिका विश्व का 18 फीसदी कार्बन उत्सर्जित करता है लेकिन वहां प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन 18 टन है। भारत दोनों पैमानों पर अब भी बहुत पीछे है। भारत विश्व का लगभग 6 फीसदी कार्बन उत्सर्जित करता है और यहां पर प्रतिव्यक्ति कार्बन उत्सर्जन लगभग 1.40 टन है।

विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच इसी खींचतान के कारण जलवायु परिवर्तन की समस्या से लडने के लिए कोई वैश्विक बाध्यकारी मसौदा नहीं निर्मित हो पा रहा था। आईपीसीसी की जलवायु परिवर्तन सम्बंधी चैथी रिपोर्ट आने के बाद पूरी दुनिया में जलवायु परिवर्तन की समस्या को लेकर नई बहस छिडी। इस रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन की भयावह तस्वीर पेश की गयी थी। और यह भी कहा गया था कि यदि कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए जल्दी कुछ नहीं किया तो जल्द ही जलवायु परिवर्तन अनुत्क्रमणीय दशा में पहुँच जाएगा। ऐसी स्थिति में संभावित खतरों को रोक पाना असंभव हो जाएगा। एक सर्वस्वीकृत बाध्यकारी मसौदे के निर्माण के लिए समय का दबाव इसलिए भी बढता जा रहा था क्योंकि क्योटो संधि की समयावधि 2012 में खत्म होने वाली थी।

क्योटो संधि का स्थान लेने वाले नवीन सर्वस्वीकृत वैश्विक मसौदे के निर्माण के लिए पिछले 4 वर्षो से संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन आयोजित किए जा रहे थे। दिसम्बर महीने में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन अबतक 2007 में बाली में , 2008 में पोजनान में , 2009 में कोपनहेगन में और 2010 में कानकुन में आयोजित किए जा चुके थे। पर्यावरणविदों और पर्यावरणमंत्रियों के इस वैश्विक जमघट में कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी। 11 दिसम्बर 2011 में डरबन में आयोजित सम्मेलन में अंततः सफलता हाथ लगी। विश्व के सभी देशों के बीच एक नवीन वैश्विक बाध्यकारी समझौते पर सहमति बन गयी , जिसे डरबन प्लेटफार्म का नाम दिया गया। इस समझौते की सभी शर्तों को अभी मूर्त रुप नहीं दिया जा सका है। समझौता शर्ते 2015 से 2020 के बीच निर्धारित की जाएंगी और यह समझौता 2020 से बाध्यकारी कानून के रुप में अस्तित्व में आ जाएगा।

डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ की सर्वाधिक खास बात यह है इसके प्रावधान विकसित और विकाशसील देशों पर समान रुप से प्रभावी होगें। यह इस समझौते का सबसे रहस्यात्मक बिंदु भी है। भारत , चीन जैसे विकाशसील देशों और अमेरिका , कनाडा जैसे विकसित देशों के बीच यह सहमति किस आधार पर बनी है , यह अब भी रहस्य का विषय बना हुआ है।भारत की पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन विकसित देशों का विरोध करते करते सम्मेलन के अंतिम दिन यकायक समझौते के लिए किन शर्तों पर राजी हो गयीं , इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं है। मीडिया तो इस पर पूरी तरह से मौन है। भारत को इस समझौते से क्या मिलने वाला है और भारत का क्या दांव पर लगाया गया है।इसके बारे में सरकारी तंत्र कुछ नहीं बता रहा है। चैथा खंभा मूर्ती की मुद्रा में आ गया है। इसमें कोई दो राय नहीं कि डरबन ‘प्लेटफॉर्म’ भी डंकल प्रस्ताव की तरह भारत के भविष्य को निर्णायक रुप से प्रभावित करेगा। उस समय भी रहस्यात्मक स्थितियों में समझौता किया गया था और आज भी । डंकल प्रस्ताव की कीमत अभी तक 2.5 लाख किसान अपनी जान देकर चुका रहे हैं। डरबन प्लेटफार्म की कीमत का अंदाजा लगाने के तथ्यों का नितांत अभाव है।

मनोरंजन के मुद्दे पर मीडिया गलाफाड के चिल्ला रहा है और अस्तित्व के मुद्दे पर रहस्यमयी चुप्पी साध रखी है। मीडिया की प्राथमिकताओं में व्याप्त इस विकृति को देखकर हिन्दीभाषी क्षेत्रों में विकृत प्राथमिकताओं को लेकर कही जाने वाली एक बहुत ही सुंदर लोककथा की याद आ जाती है।कथा के अनुसार भुखमरी का शिकार एक व्यक्ति एक दुकानदार से गिडगिडाकर अनाज उधार देने की विनती करता है। वह व्यक्ति कहता है कि उसकी जेब में फूटी कौडी नहीं हैं और उसके बच्चे भी कई दिनों से भूखे हैं । अनाज नहीं दिया तो मेरा पूरा परिवार खाए बिना मर जाएगा। उसकी फटेहाल स्थिति देखकर दुकानदार का दिल पसीज गया और उसने महीने भर का ‘राशन-पानी’ उस व्यक्ति को देते हुए चेतावनी दी कि उधारी के तीन रुपयों का चुकता अगली पूर्णिमा तक हो जाना चाहिए। उस व्यक्ति ने आभार जताते हुए अगली पूर्णिमा तक पाई-पाई चुकता कर देने का आश्वासन दिया । वह बेबस व्यक्ति अनाज लेकर चलने लगा तो दुकानदार को याद आया कि गांव में बंगाली जादूगर आया है। वह हैरतअंगेज कारनामे दिखाकर लोगों का मनोरंजन करता है । जादूगरी के कार्यक्रम को देखने के इच्छुक लोगों के लिए उसने आठ आने का प्रवेश शुल्क लगा रखा था। दुकानदार के दिल में पता नहीं कहां से दया के अंकुर फूट आए । उसने आठ आने का सिक्का उस व्यक्ति की तरफ बढाते हुए कहा कि जादूगरी का खेल जरुर देख लेना । ऐसा सिद्धहस्त जादूगर गांव में बार-बार नहीं आता । उस बेबस ने आठ आने का सिक्का अपने हाथों में थाम लिया। जादूगरी की बात सुनते ही वह अपना दुःख दर्द भूल गया ।उसकी आंखों में एकदम से चमक आ गयी। उसने उत्साहपूर्वक अपनी योजना का खुलासा करते हुए कहा कि इस महाअवसर के प्रति मैं भी पूरी तरह जागरुक हूं । मुझको बहुत पहले ही पता चल गया था कि यह जादूगर हमारे गांव में आने वाला है। इसीलिए मैंने अपनी मजदूरी के तीन रुपए अपने आठ सदस्यीय परिवार को ‘तमाशा’ दिखाने के लिए बचाकर रख लिए थे। मेरा पूरा परिवार पिछले चार दिनों से भूखा है लेकिन मैंने उन तीन रुपयों में से एक पाई भी नहीं खर्च किया और आज जब मुझसे परिवार की हालत नहीं देखी गयी तो मैं आपसे उधार मांगने आ गया । आखिर ऐसी जादूगरी देखने का मौका बार बार थोडे ही आता है, खाना-पीना तो जिंदगी भर लगा रहता है।

आज का मीडिया भी कुछ इसी तरह अपनी विश्वसनीयता की कीमत पर मनोरंजक कार्यक्रम परोस रहा है। छिछले मुद्दे उठा रहा है। भाई, विद्या बालन किस फिल्म में ‘सेक्सी’ भूमिका छोडकर ’चंडिका’ की भूमिका में नजर आएंगी , इस पर विचार प्रतिदिन विचार करने से कितने लोगों की रोटी-दाल प्रभावित होने वाली है। हैरत तब होती है जब इस समाचार को भी अंतर्राष्ट्रीय पृष्ठ पर तीन कॉलम का ‘ स्पेस’ मिल जाता है। जबकि दोहा दौर की वार्ता और किसान सब्सिडी का मुद्दा अंतर्राष्ट्रीय पृष्ठ की खबर नहीं बना पाता ।

मीडिया को अपनी प्राथमिकता सूची की पुनर्संरचना के लिए पहल करनी चाहिए। अन्यथा अस्तित्वगत मुद्दों के प्रति यह लापरवाही मीडिया से उसका स्वतंत्र अस्तित्व छीन लेगी। वह बाजार का खिलौना और राजनीति का एक मोहरा मात्र बनकर रह जाएगी।

मंगलवार, 4 जनवरी 2011

साल के पड़ाव पर, भई संतन की भीड़

1 जनवरी 2011 की दोपहर को भुवनेश्वर से एक परम मित्र का फोन आया। यह फोन रोमन नववर्ष की बधाई देने के लिए नहीं था। उन्होंने एक सूचना दी कि आज पूरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शनार्थियों की संख्या रथयात्रा के समय होने वाली संतों की भीड़ से कम नहीं है। उन्होंने प्रत्येक सही-गलत बात के लिए भारतीय समाज को कोसने वाले बुद्धिजीवियों के प्रति शिकायती लहजे का प्रयोग करते हुए कहा कि हर नई घटना का सटीक विश्लेषण का दम भरने वाले ये लोग स्वत:स्फूर्त ढंग से घट रही इस तरह की घटनाओं पर ध्यान क्यों नहीं देते, विश्लेषण क्यों नहीं करते? उनका कहना था कि समाज द्वारा विजातीय तत्वों के भारतीयकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विद्वतजनों को ध्यान देना चाहिए।
31 दिसम्बर 2006 की रात को मेरे छात्रावास के ‘रुम-पार्टनर’ ने मुझे ताकीद की कल भोर में ही उठना है। हम दोनों काशीविद्यापीठ के लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास में रहते थे। मेरे लिए यह ताकीद आश्चर्य से कम नहीं थी क्योंकि उनकी नींद साधारणतया 9 बजे ही भंग होती थी। आपातकालीन परिस्थितियों में भी वे इस सिद्धांत को भंग करने से परहेज करते थे। मैंने पूछा भोर में क्यों ? उत्तर था कल नया वर्ष है बाबा विश्वनाथ, संकटमोचन महावीर और मां अन्नपूर्णा के दर्शन करने हैं। मुझे उस समय रोमन नववर्ष का आस्था के साथ जोडने वाला यह प्रयास अजीवोगरीब ही लगा था। लेकिन अब ऐसा लगता है कि यह वाह्य तत्वों के भारतीयकरण के लिए छटपटा रहे भारतीय सामूहिक अवचेतन की अभिव्यक्ति थी।
इसी तरह 31 दिसम्बर 2010 की रात नोयडा के सेक्टर 62 में मीडिया नैपुण्य और शोध संस्थान ‘प्रेरणा’ के बगल में स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर में जगराता का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूरे भारत से बाला बालकनाथ के श्रध्दालु इस जगराते में शामिल हुए। 31 दिसम्बर को जगराता आयोजित करने का विचार अद्भुत और आश्चर्यजनक ही कहा जाएगा। यह भी विजातीय तत्वों के समाजप्रेरित भारतीयकरण का एक उदाहरण ही कहा जाएगा। ये उदाहरण भारतीय साभ्यतिक सांस्कृतिक सातत्य की तरफ ध्यान आकर्षित करते है। वह कैसे नई परिस्थितियों से तालमेल बैठाती है , इसके तरफ संकेत करते हैं।
असल में, एक आमआदमी की जिंदगी की तरह सभ्यताएं भी जन्म लेती हैं। बचपन की अठखेलियों के साथ आगे बढती हैं। जवानी की अंगडाई के साथ दुनिया पर छाने की बेताबी दिखाती हैं और बुढापे में आतंरिक क्षीणता या विजातीय तत्वों के संक्रमण का शिकार होकर दम तोड देती हैं। सभ्यता के प्राण हरने वाले ये कारण प्रतिरोधक क्षमता तथा सर्जनात्मकता क्षीणता की स्थिति में पैदा होते हैं। विश्व की अधिकांश सभ्यताओं-संस्कृतियों की जीवनयात्रा ऐसी ही होती है, ऐसी ही रही है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अविरल प्रवाह ही इस नियम का एकमात्र अपवाद है।
भारतीय साभ्यतिक -सांस्कृतिक सातत्य विद्वतजनों के लिए विश्लेषण और कौतुहल का विषय है, तो संस्कृतियों के अंतसतत्व की अनुभूति करने वाले लोगों के लिए अनुपम सौदर्य का हेतु। भारतीय चेतना-प्रवाह की नब्ज पकडने में अक्षम व्यक्ति इस साभ्यतिक सांस्कृतिक सातत्य की सैकडों व्याख्याएं करते हैं। उनमें से अधिकांश नकारात्मक होती हैं। कुछ कहते हैं भारतीयता जडता का शिकार है, इसमें प्रवाह जैसी कोई चीज नहीं है। कुछ अन्य का कहना है भारत सभ्यता-संस्कृति के प्रवाह जैसी किसी चीज का अस्तित्व ही नहीं है। बाहरी आक्रांताओं ने जो यहां पर रोप दिया वही यहां की सभ्यता बन गयी, वही यहां की संस्कृति बन गयी।लेकिन चेतना -प्रवाह की अनुभूति करने वाले लोग यह जानते हैं कि यह तर्क नितांत सतही और सीमित हैं। शक, हूण जैसी सैकडों सभ्यताओं को अपने में आत्मसात करने वाली सभ्यता जड नहीं हो सकती। सभ्यता-संस्कृति विहीन समाज में अतीत की ऐसी स्मृतियां नहीं हो सकती जैसी भारतीयों में पायी जाती है।
भारतीय साभ्यतिक-सांस्कृतिक सातत्य का मूल कारण यहां के समाज की विजातीय तत्वों को आत्मसात करने की क्षमता और नई परिस्थितियों से पैदा हुई समस्याओं के हल के लिए पहल और प्रयोग करने की प्रवृत्ति रही है। भारतीय समाज की प्रबल जठराग्नि विजातीय तत्वों को पचा कर उनसे भी अपनी जीवनरस खींच लेती है। भारतीयता के सप्तधातुओं को पोषित करती है।इस बिंदु पर भारतीय समाज के इस प्रबल जठराग्नि के कारणों पर ध्यान जाना स्वाभाविक है। भारत की दार्शनकि आध्यात्मिक थाती ही इस प्रबलता का कारण है। भारत के चेतना -प्रवाह को प्रभावित करनी वाली इस थाती में वैविध्यता को परममूल्य माना गया है, सौंदर्य का प्रतीक माना गया है।इसलिए भारतीयता के लिए कोई भी विजातीय तत्व ‘एलर्जन’ नहीं बन पाता और न ही यह एलर्जी का शिकार होती है। भारतीय चेतना के सम्पर्क में आने वाले सभी तत्वों से जीवनरस लेती है और बाकी को उत्सर्जन तंत्र से बाहर निकाल देती है। इसके अलावा सशक्त आत्मसातीकरण क्षमता का दूसरा कारण भारत की सामाजिक स्वायत्ता है। नई परिस्थितियां पैदा होने पर, विभिन्न प्रवृत्तियों के सम्पर्क में आने पर आगे की रणनीति भारतीय समाज खुद बनाता है। वह राजाज्ञाओं का मोहताज नहीं है। वह नई परिस्थितियों और प्रवृत्तियों के साथ सामंजस्य बैठाने के लिए खुद पहल करता है, नए प्रयोग करता है, नए रास्ते तलाशता है। कुछ अनुकूल बनता है, कुछ अनुकूल बनाता है।
भारतीय सामूहिक अवचेतन के इस प्रबल जठराग्नि अब भी मंद नहीं पडी है। समय के प्रवाह के साथ घट रही घटनाओं पर दृष्टिपात करने, उदाहरणों के जरिए समझने पर स्पष्ट हो जाता है कि विजातीय प्रवृत्तियों के आत्मसातीकरण की प्रकिया जारी है, विभिन्न विजातीय तत्वों का भारतीयकरण हो रहा है। हां, वैश्वीकरण के कारण इसकी गति कुछ मंद जरुर पडी है।
नए दौर में नई पीढी के कुछ लोगों को अभिवादन के समय एक ही व्यक्ति से दूर से हाथजोडकर नमस्ते करते और उसके बाद नजदीक आने पर हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है। हाथजोडने के बाद हाथमिलाने की यह अभिवादन पद्धति इतने स्वाभाविक ढंग से होती है कि करने वाले को भी इसका पता नहीं चलता। यह भारतीय पहचान के साथ नए प्रवृत्तियों के अपनाने की ललक की अभिव्यक्ति कही जा सकती है।
वर्तमान में चुनौती भारतीय सामाजिक अवचेतन को मुख्यधारा की चेतना के रुप में बनाए रखने की है क्योंकि बाजार -मीडिया प्रेरित एक नई उपभोक्तावादी चेतना इसको विस्थापित करने पर तुली हुई है। यह नई चेतना रोमन वर्ष का स्वागत पंचसितारा होटलों में शराब, शबाब और कबाब के साथ करने में विश्वास करती है।
इस नए परिप्रेक्ष्य में विद्वतजनों की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उनको अपनी सीमाओं के प्रति जागरुक होना पडेगा। यह समझना होगा कि सामाजिक अवचेतन की नदी को व्यक्तिगत बौद्धिकता की अंजुरी में नही रोपा जा सकता। साथ ही विद्वतजनों को सामाजिक अवचेतन द्वारा किए जा रहे इस तरह के प्रयासों को सम्बल देना होगा, व्यवस्था में स्वीकृति प्रदान करनी होगी ताकि उसमें आत्मविश्वास जाग्रत हो सके और वह अन्य क्षेत्रों में भी विजातीय तत्वों के भारतीयकरण के प्रयोग कर सके। आइए !रोमनी साल के इस पडाव संतों की बढती हुई संख्या का स्वागत करें और कुछ ऐसे प्रयास करे की घाटों पर जुट रही दर्शनार्थियों की संख्या पर पंचसितारा होटलों की हुल्लडबाजी हावी न होने पाए। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन शुरु होने वाले भारतीय नववर्ष को आमजन से परिचित कराने का प्रयास एक ऐसा ही प्रयास होगा।